ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: कुरुक्षेत्र से बीजेपी के सांसद राजकुमार सैनी ने एक बार फिर से बीजेपी पर सवालिया निशान लगाते हुए इनेलो और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है | सैनी ने इस बार साफ कर दिया कि वो बीजेपी से चुनाव नहीं लड़ेंगे | क्योंकि यदि बीजेपी से ही चुनाव लड़ना होता तो फिर उन्हें अपना मंच बनाने की क्या जरूरत थी | इतना ही नहीं सैनी ने इनेलो और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी खुलकर कटाक्ष किया |
पूरे प्रदेश में लगातार दौरा कर रहे बीजेपी के सांसद राजकुमार सैनी ने अब अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है | रेवाड़ी पहुंचे राजकुमार सैनी ने कहा कि वो दो महीने बाद अपनी पार्टी की घोषणा कर देंगे | सैनी ने साफ कहा कि वो अगस्त में हर हाल में अपनी पार्टी की घोषणा कर देंगे |
बीजेपी से चुनाव लड़ने संबंधी पूछे सवाल पर सैनी ने कहा कि वो बीजेपी की टिकट पर कतई चुनाव नहीं लड़ेंगे | क्योंकि अगर बीजेपी से चुनाव लड़ना होता तो उन्हें अपना मंच बनाने क्या जरूरत थी |
अपनी पार्टी के खिलाफ बोलने के अलावा बीजेपी सांसद राजकुमार सैनी ने इनेलो और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी जमकर निशाना साधा | भूपेंद्र सिंह हुड्डा की जनक्रांति यात्रा को सैनी ने शव यात्रा करार देते हुए कहा कि 11 महीने बाद कांग्रेसी अपनी मय्यत पर पहुंच जाएंगे | साथ ही इनेलो की जेल भरो यात्रा पर कटाक्ष करते हुए सांसद ने कहा कि इनेलो के आधे लोग जेल में है | इसलिए जेल में बंद ये नहीं चाहते कि उनके बाकी लोग भी बाहर रहे | इसलिए ही वो जेल भरो आंदोलन चला रहे है |
तो सुना आपने कैसे बीजेपी में रहते हुए राजकुमार सैनी विपक्षी दलों के साथ अपनी पार्टी को भी घेरने का काम कर रहे है | लगातार अपनी पार्टी के साथ-साथ केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ बोलने के बाद भी बीजेपी की ओर से सांसद राजकुमार के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई | जिससे इसे लेकर बीजेपी की मंशा पर भी सवाल खड़े होना लाजमी है | क्योंकि अभी तक केवल कांग्रेस के नेता और मंत्री ही एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करते थे | लेकिन अब लगता है कि बीजेपी के नेता भी उसी राह पर जा रहे है | खैर राजकुमार सैनी ने ये तो साफ कर दिया है कि वो अगला चुनाव अपनी पार्टी से ही लड़ेंगे | लेकिन देखने वाली बात ये होगी कि बीजेपी से अलग होने के बाद प्रदेश की जनता उन्हें कितना प्यार देगी |
