ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: भारत ने भले ही रमजान के दिनों में जम्मू-कश्मीर में नो फायरिंग की घोषणा की हो लेकिन पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है।
पाकिस्तान की ओर से जम्मू में भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा आरएस पुरा पर गोलीबारी की गई। फायरिंग में सेना का एक जवान शहीद हो गया और इलाके के चार स्थानीय नागरिक भी घायल हो गए।
पाकिस्तान ने बिना किसी उकसावे के गुरुवार रात आरएस पुरा सेक्टर में नियंत्रण रेखापर सीजफायर उल्लंघन किया। भारतीय सेना भी फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। बता दें कि इससे पहले बुधवार रात को अंतर्राष्ट्रीय सीमा से लगे सांबा जिले में गोलीबारी और मोर्टार के गोले दागे जबकि कठुआ के हीरानगर सेक्टर में भी गोलीबारी की।
अधिकारी ने बताया कि सीमा की सुरक्षा में तैनात बीएसएफ जवानों ने जवाबी कार्रवाई की तथा आखिरी सूचना मिलने तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी थी। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी के मद्देनजर अंतर्राष्ट्रीय सीमा से पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी स्कूलों को प्रशासन ने बंद करा दिया है।



