ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: लेडी बस ड्राइवर, सुनने में थोड़ा अजीब जरूर है लेकिन हिमाचल प्रदेश में की सीमा ठाकुर ने इस अजीब को अमली जामा पहना दिया है, जिन्हें लगता है कि महिलाएं पुरुषों के बराबर काम नहीं कर सकती हैं, उन्हें एक बार शिमला जरूर जाना चाहिए, सिर्फ घूमने के लिए नहीं । शिमला की बहादुर और दिलेर बेटी सीमा ठाकुर से मिलने भी ।
हिमाचल की सर्पीली सड़कें । जहां कोई भी गाड़ी चलाना आसान नहीं माना जाता । ड्राइवर चाहे दिल्ली का हो या शिमला का । यहां ड्राइविंग करना खतरे से खाली नहीं । ऐसे में जब आप शिमला घूमने गये हों, बस में सवार होने पर अगर कोई महिला बस चलाती दिख जाए तो हैरान बिलकुल भी ना हों ना तो इनके कोमल हाथों पर जाएं, और ना ही इनकी मासूमियत पर । पहाड़ों पर चढ़ते-उतरते इनका कलेजा भी उतना ही मजबूत हो चुका है । ये हैं सीमा ठाकुर, हिमाचल की पहली महिला बस चालक । इस नौकरी से काफी खुश है और उसका सपना अब पूरा हो गया है। सीमा ठाकुर ने कहा कि यह गलत धारणा है कि केवल पुरुष ही बस चालक बन सकते हैं महिलाएं भी चाहे तो हर काम कर सकती हैं |
बस अड्डे में बस खड़ी करनी हो, बस को बैक करना हो । या पहाड़ों की घुमावदार सड़कों पर बस को सरपट दौड़ाना हो, सीमा के हाथ कहीं नहीं कांपते । आपने महिला पायलट, महिला डॉक्टर और महिला ऑफिसर तो बहुत देखे होंगे लेकिन सीमा ठाकुर उन सबसे हटकर हैं । सीमा के खाते में हिमाचल प्रदेश की पहली महिला होने का खिताब है जो टैक्सी के बाद अब बस भी चला रही है । अगर आप कुछ करने की ठान लें, तो कोई भी रास्ता मुश्किल नहीं होता, सीमा ठाकुर इसकी जीती जागती मिसाल हैं, वे बताती हैं कि पिता को आदर्श मानकर उन्होंने ये सपना देखा था । महिला बस ड्राइवर को देखकर एक बार तो सवारियों को शंका होती है, लेकिन उनकी शंकाएं, उनकी खुशी तले दब जाती हैं ।
हर काम में महिलाएं बराबरी की तरफ कदम बढ़ा रही हैं, चाहे पेट्रोल पंप पर तेल भरने का काम हो, या टैक्सी चलाने का । आपने दिल्ली में रोडवेज की बस चलाती महिला ड्राइवर देखी है, लेकिन पहाड़ी सड़कों पर बस को संयम के साथ सरपट दौड़ाने का सीमा का साहस बहुत बड़ी बात है ।
Watch Video
https://youtu.be/X-fv9Ye2474
