ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: पंचकूला सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में 25 वर्षीय युवक की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया | हालात बिगड़ते देख अस्पताल में करीब चार पीसीआर समेत पुलिस कर्मी पहुंच गए | आधे घंटे की मशक्कत के बाद मामले को पुलिस ने किसी तरह शांत कराया | मृतक राजबीर के परिजनों का आरोप है कि इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों की लापरवाही के चलते राजबीर की मौत हुई है | यहां के डॉक्टरों ने उपचार के नाम पर सिर्फ और सिर्फ खानापूर्ति की है |
परिजनों का कहना है कि जिस समय वो राजबीर को अस्पताल लेकर पहुंचे थे तो उसकी धड़कनें चल रहीं थी | मृतक के परिजनों ने मकान मालिक पर राजबीर को मारने का आरोप लगाया है | मृतक के भाई ओमबीर ने बताया कि दो माह का किराया बकाया था। जिसको लेकर मकान मालिक और उसके भाई के बीच बहस हुई और मकान मालिक ने उसकी पिटाई कर दी | वहीं डॉक्टरों की माने तो अस्पताल लाने से पहले ही राजबीर की मौत हो चुकी थी |
दरअसल भैंसा टिब्बा निवासी मृतक राजबीर के भाई ओमबीर के पास किसी पड़ोसी ने फोन पर कॉल कर बताया कि उसका भाई घर में खून से लथपथ पड़ा है और उसके सिर में गंभीर चोट लगी है | ओमबीर ने बताया कि वो तुरंत अपने घर पहुंचा, जहां उसका भाई खून से लहूलुहान पड़ा था | जिसके बाद उसने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया और पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसके बाद उसे अस्पताल लाया गया है। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, पुलिस का कहना है कि दोषी पाए जाने वाले के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी |
Watch Video
https://youtu.be/YPGYHJEtNbM
