ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : कहते हैं प्रेम अंधा होता है। लेकिन, बदलते दौर में प्रेम अंधा होने के साथ बेरहम भी हो चुका है। इसमें किसी की जान भी इतनी बेरहमी से ली जाती है कि भरोसा नहीं होगा कि आप एक सभ्य समाज का हिस्सा भी हैं। दिल्ली के ख्याला इलाके में एक युवक अंकित सक्सेना की बेरहमी से हत्या के बाद इलाके में जारी सांप्रदायिक तनाव के बाद यह सवाल सामने आया है। अंकित हमेशा से कुछ अलग करना चाहता था। पेशे से फोटोग्राफर अंकित ‘आवारा बॉय’ नाम से एक यूट्यूब चैनल भी चलाता था। परिवार के लिए घर बनाने के साथ ही उसका एक आधुनिक स्टूडियो बनाने का सपना भी था। लेकिन, किस्मत ने ऐसा दगा दिया कि अंकित अब इस दुनिया में नहीं रहा। उसके जाने के बाद हमारे सभ्य समाज का एक खौफनाक चेहरा सामने आया है और एक सवाल भी कि क्या अंकित की बेरहमी से हत्या के बाद भी हम खुद को सभ्य समाज का हिस्सा मान सकते हैं?
दूसरे समुदाय की युवती से प्यार पड़ गया भारी
अंकित सक्सेना घर का अकेला चिराग था। मां-बाप के बुढ़ापे का सहारा अंकित हमेशा से उन्हें सारी खुशियां देना चाहता था। कुछ समय पहले अंकित में दूसरे समुदाय की एक लड़की दाखिल होती है। दोनों एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाते हैं। दोनों का प्यार परवान पर चढ़ जाता है। वहीं इसकी भनक लड़की के घरवालों को लग जाती है। घरवाले दोनों के प्यार के बीच दीवार बनकर खड़े हो जाते हैं। दोनों को रिश्ता खत्म करने की धमकी दी जाती है। लेकिन ना तो अंकित और ना ही युवती रिश्ते को खत्म करने को राजी होती है। आखिर में युवती के घरवाले एक खौफनाक फैसला करते हैं। तेज हथियारों से लैस युवती के घरवाले बीच सड़क पर अंकित को पकड़ लेते हैं। इसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। चाकू से ताबड़तोड़ उस पर हमला किया जाता है। जब युवती के घरवाले समझ जाते हैं कि अंकित अब इस दुनिया में नहीं रहा तब सभी आरोपी घटनास्थल से आराम फरार हो जाते हैं।

देश के दिल दिल्ली में रहने वाले बेदिल इंसान
अंकित की बीच सड़क पर बेरहमी से हत्या के बाद कई सवाल सामने आए हैं। कुछ इसे दूसरे समुदाय से जोड़कर देख रहे हैं तो कुछ और। शुरूआती जांच से साफ है कि प्यार के कारण अंकित ने अपनी जान गंवाई। दूसरी तरफ देश के दिल दिल्ली में रहने वाले बेदिल इंसानों के खौफनाक चरित्र को भी हमारे सामने लाकर खड़ा किया है। दरअसल, जिस वक्त अंकित के शरीर पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार हो रहा था, वहां काफी भीड़ थी। और, कहते हैं कि दिल्ली तमाशा देखने में यकीन करती है, अंकित तड़प रहा था, लेकिन कोई उसकी मदद को आगे नहीं आया। शर्मनाक यह कि कई लोग जमीन पर खून से लथपथ पड़े अंकित की फोटो खींच रहे थे तो कोई वीडियो बना रहा था। अंकित की मां बीचबचाव में घायल हो चुकी थी। लेकिन, तमाशा देखने में यकीन रखने वाले दिल्ली का दिल नहीं पसीजा। आज अंकित हमारे बीच नहीं है। लेकिन, उसकी मौत हमारे कथित सभ्य समाज पर तमाचा जड़ने से नहीं चूकी है।

