ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : पंजाब के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विक्की गौंडर के एनकाउंटर के बाद उसके गैंग की बागडोर संभाल रहे जयपाल भुल्लर उर्फ मनजीत के ठिकाने का पता चल गया है। जयपाल का ठिकाना बताने से पहले हम उसके खौफ के बारे में बताते हैं। हिमाचल में गैंगस्टर रॉकी की हत्या के बाद अचानक से पंजाब अंडरवर्ल्ड में जयपाल भुल्लर का नाम सुर्खियों में आ गया। रॉकी की हत्या की जिम्मेदारी लेकर जयपाल विक्की गौंडर का चहेता बन चुका था। और, विक्की गौंडर ने जयपाल को अपने सबसे भरोसेमंद लोगों में शामिल कर लिया। हकीकत में यह पंजाब अंडरवर्ल्ड के लिए एक खौफनाक सच की तस्वीर भर नहीं थी। क्योंकि, जयपाल के साथ आने के बाद जिस रफ्तार से विक्की की दहशत फैलती जा रही थी। उससे बंद कमरे में बैठे पंजाब पुलिस के अधिकारियों के माथे पर बल पड़ते जा रहे थे। पुलिस प्लानिंग करती जा रही थी और विक्की का कद और खौफ लगातार बढ़ता जा रहा था।

हिमाचल से निकलकर UP पहुंच गया जयपाल
दरअसल, 26 जनवरी को विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया के एनकाउंटर की खबर मिलते ही जयपाल भुल्लर तुरंत गौंडर गैंग के तमाम छोटे-बड़े गुर्गों से बात करके हालात की जानकारी लेता है। हिमाचल में बैठे-बैठे जयपाल खुद को गैंग का नया मुखिया घोषित कर देता है और गैंग के गुर्गे इसे बिना विरोध के स्वीकार कर लेते हैं। गौंडर और लाहौरिया के एनकाउंटर के बाद पुलिस का अगला टारगेट बनने से बचने के लिए जयपाल फरार हो जाता है। पंजाब, हरियाणा या राजस्थान नहीं, जयपाल सीधा उत्तरप्रदेश के सहारनपुर पहुंच जाता है। लेकिन, जयपाल अपना नया बेस तैयार करता है सहारनपुर से करीब 125 किमी दूर मेरठ को। जयपाल को शायद पंजाब पुलिस के मूवमेंट की जानकारी काफी पहले मिल गई थी। मेरठ के पॉश इलाके स्थित यशोदा कुंज में एक कोठी किराया पर लेकर वह अपने शॉर्प शूटर अमरवीर और हरजोत को वहां रहने का आदेश देता है। www.livingindianews.co.in वेबसाइट ने पहले ही खुलासा कर दिया था कि जयपाल उत्तरप्रदेश में छिपा हुआ है। जयपाल ने पहले से ही पुलिस से बचने की तैयारियां शुरू कर दी थी।

अमरवीर, हरजोत और जयपाल का कनेक्शन
मेरठ के यशोदा कुंज स्थित कोठी में अमरवीर और हरजोत के साथ जयपाल भुल्लर भी रह रहा था। दरअसल, जयपाल भुल्लर का खौफ किसी से छिपा नहीं है। वहीं, पंजाब के कपूरथला जिले के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अमरवीर और हरजोत को भी पुलिस कई मामलों में तलाश रही है। जयपाल मेरठ के हस्तिनापुर में एक शख्स के सहारे पहले कोठी लेता है और उसे नया ठिकाना बना लेता है। अमरवीर और हरजोत जयपाल का ना सिर्फ शॉर्प शूटर है, बल्कि वो बॉस के आदेश पर कुछ भी कर सकता है। जयपाल इनके सहारे रंगदारी, लूट के साथ ही सुपारी किलिंग के लिए करोड़ों रूपए वसूलता है। इनका नेटवर्क पंजाब, हरियाणा, राजस्थान से लेकर दिल्ली और उत्तरप्रदेश तक फैला हुआ है। जयपाल भुल्लर किसी भी आपराधिक वारदात को अंजाम देने का जिम्मा अपने खास अमरवीर और हरजोत को देता है।

मेरठ पुलिस की सुस्ती से गैंगस्टर्स हुए फरार
यशोदा कुंज में रहते हुए अमरवीर और हरजोत बॉस जयपाल भुल्लर के लगातार संपर्क में थे। दोनों पड़ोसियों से खुद को जिम ट्रेनर बताते थे। लेकिन इनकी संदिग्ध गतिविधियों की खबर मेरठ के गंगानगर थाने की पुलिस तक पहुंच गई। यहीं पुलिस ने चूक कर दी। दरअसल, अमरवीर और हरजोत के वेरिफिकेशन के लिए दो सिपाहियों को भेजा। दोनों सिपाही यशोदा कुंज पहुंचते हैं, लेकिन पुलिस के आने की भनक अमरवीर और हरजोत को मिल चुकी थी। दोनों ऑटोमैटिक हथियार से लैस हो जाते हैं। जैसे ही पुलिस वहां पहुंचती है दोनों हथियार के बल पर सिपाहियों को डराकर फरार हो जाते हैं। पुलिस को अंदाजा ही नहीं था कि कोठी में रहने वाले अमरवीर, हरजोत शॉर्प शूटर हैं, जबकि जयपाल भुल्लर के बारे में पंजाब तो छोड़िए देश के अधिकांश राज्यों की पुलिस को पता है। बावजूद गंगानगर पुलिस के सुस्त रवैये अपनाती है और खतरनाक अपराधी अमरवीर और हरजोत वहां से फरार हो जाते हैं।
हस्तिनापुर से हरप्रीत कुनबे समेत हुआ गायब
शॉर्प शूटर अमरवीर और हरजोत के फरार होने के बाद पुलिस ने जब उनका पता लगाया तो होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस ने दोनों के हस्तिनापुर कनेक्शन हरप्रीत को दबोचने का प्लान बनाया। लेकिन पुलिस ने सोचने और प्लानिंग में ज्यादा वक्त लगा दिया। इसका फायदा उठाते हुए हरप्रीत हस्तिनापुर से अपने सारे कुनबे के साथ फरार हो चुका था। हालांकि, पुलिस ने हरप्रीत के भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटनास्थल से एक कार का रजिस्ट्रेशन डिटेल मिला है। पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन डिटेल से यह पता लगा लिया है कि कार पंजाब के कपूरथला जिले की है। कार के मालिक का नाम रूपेन्द्र सिंह है, जबकि अमरवीर और हरजोत उसके बेटे हैं। वहीं पुलिस इस सवाल के जबाव का पता लगाने में जुटी है कि आखिर जयपाल ने मेरठ को अपना ठिकाना क्यों बनाया? जयपाल अपने खास शॉर्प शूटर अमरवीर और हरजोत के सहारे किस वारदात की प्लानिंग कर रहा था?

देश के साथ विदेश तक फैला जयपाल का नेटवर्क
गौंडर गैंग का जिम्मा संभाल रहे जयपाल भुल्लर को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तरप्रदेश की पुलिस तलाश रही हो। लेकिन, उसका नेटवर्क देश ही नहीं, बल्कि विदेश तक फैला हुआ है। जयपाल के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से काफी अच्छे संबंध हैं। कहा तो यह भी जाता है कि विक्की गौंडर को पाकिस्तान भगाने का सारा प्लान जयपाल ने ही तैयार किया था। जयपाल के सहारे गौंडर, लाहौरिया के साथ पंजाब-राजस्थान सीमा पर बसे हिंदूमल कोट गांव पहुंचा था। विक्की गौंडर को सुरक्षित पाकिस्तान पहुंचाकर ISI से जोड़ने की सारी प्लानिंग जयपाल की थी। जयपाल भुल्लर ने पाकिस्तान में बैठे ISI के अधिकारियों को सारी जानकारी दे दी थी कि कब विक्की गौंडर सीमा पार करके उन तक पहुंचेगा। जयपाल विक्की और लाहौरिया सीमा के कुछ मीटर दूर बसे गांव हिंदूमल कोट पहुंचा चुका था। लेकिन, गौंडर और लाहौरिया की किस्मत दगा दे देती है। 26 जनवरी को पुलिस ने दोनों को मार गिराया।
