पुलिस को चकमा देने में मशहूर गैंगस्टर विक्की गौंडर आखिर कैसे उलझा जाल में?

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : तीन साल से पंजाब में आर्गनाइज्ड क्राइम और अंडरवर्ल्ड का बेताज बादशाह बना गैंगस्टर हरजिंदर सिंह उर्फ विक्की गौंडर को पुलिस…

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : तीन साल से पंजाब में आर्गनाइज्ड क्राइम और अंडरवर्ल्ड का बेताज बादशाह बना गैंगस्टर हरजिंदर सिंह उर्फ विक्की गौंडर को पुलिस ने 26 जनवरी को एनकाउंटर में मार गिराया। उसका राइट हैंड कहे जाने वाले प्रेमा लाहौरिया और एक अन्य साथी भी एनकाउंटर में मारे गए। एनकाउंटर शुक्रवार की शाम अबोहर के नजदीक राजस्थान-पंजाब सीमा स्थित हिंदूमल कोट के गांव पक्की की ढाहनी में हुई। नवंबर 2016 में नाभा जेल ब्रेक के बाद से काउंटर इंटेलीजेंस और पंजाब पुलिस की 123 लोगों की टीम जिसे ढूंढ नहीं पाई, आखिर उस विक्की गौंडर का अचानक एनकाउंटर में मारा जाना पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है।

देरी के बावजूद पंजाब पुलिस का शानदार रिजल्ट!

दरअसल, पंजाब के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विक्की गौंडर को 26 जनवरी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। नाभा जेल ब्रेक के बाद से ही विक्की गौंडर पुलिस को चकमा देता आ रहा था। लेकिन, पंजाब पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि देर हो सकती है, चूक नहीं हो सकती या कहिए कि पंजाब पुलिस देरी बर्दाश्त कर सकती है, अंधेर कभी नहीं। अब हम आपको गैंगस्टर विक्की गौंडर के एनकाउंटर की वो सच्चाई बताने जा रहे हैं, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे कि एक गैंगस्टर के एनकाउंटर के लिए पुलिस को क्या-क्या करना प़ड़ता है? आपको अंदाजा भी नहीं होगा कि पुलिस किस मुस्तैदी से विक्की की तलाश कर रही थी?

विक्की का पता नहीं लगा सकी 123 लोगों की टीम

गैंगस्टर विक्की गौंडर का पता लगाने के लिए 123 लोगों की टीम बनाई गई थी। तमाम तैयारियों को अंजाम दिया गया। सारी बातों को बारीकी से जोड़ा जा रहा था, इसके बावजूद विक्की गौंडर का पता लगाने में पुलिस फेल रही। पुलिस पर जब दबाव बढ़ा तो OCCU (Organized Crime Control Unit) और काउंटर इंटेलीजेंस टीम को साझा ऑपरेशन का जिम्मा दिया गया। और, हैरानी की बात यह है कि टीम ने दो महीने के अंदर फरार मोस्टवांटेड गैंगस्टर विक्की को ढेर कर दिया। दरअसल, ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम को विक्की गौंडर के ठिकाने का पता चल गया था, जिसके बाद ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।

ड्रोन से पुलिस ने रखी भागने के रास्ते पर नजर!

पंजाब पुलिस ने विक्की गौंडर को पकड़ने के लिए व्यापारी का लुक रखा और गांव में घूमती रही। इतना ही नहीं पुलिस ने गौंडर की रेकी करने के लिए ड्रोन से भागने के रास्ते भी देखे। और, जब गौंडर के यहां होने की पूरी तसल्ली हो गई, तो 26 जनवरी की शाम पहले से तैयार बैठी टीम ने एनकाउंटर कर दिया। टीम को यह भी इनपुट मिला था कि गौंडर के साथी प्रेमा लाहौरिया की इस गांव में रिश्तेदारी है। छानबीन में पता चला कि उसके रिश्तेदार इसी ढाणी में रहते हैं। बस, पुलिस ने पूरी तैयारियों के साथ विक्की के ठिकाने पर धावा बोल दिया। विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया एनकाउंटर के बारे में कुछ समझते तब तक देर हो चुकी थी।

सुरेश अरोड़ा, DGP, पंजाब पुलिस।
सुरेश अरोड़ा, DGP, पंजाब पुलिस।

पंजाब पुलिस के लिए गोल्डन चांस था एनकाउंटर!

शुक्रवार की शाम 5.30 बजे पंजाब पुलिस ने जाल बिछाना शुरू किया। खबर पक्की थी कि पंजाब का मोस्टवांटेड गैंगस्टर विक्की गोंडर अबोहर के रास्ते राजस्थान जाने की कोशिश में है। खबर पुख्ता थी और पंजाब पुलिस मुस्तैद। ना चूक की कोई गुंजाइश थी, ना लापरवाही की। यह मौका किसी गोल्डन चांस से कम नहीं था और पंजाब पुलिस के बहादुर जवानों ने इस मौके को भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सिर्फ दो घंटे के भीतर मीडिया में विक्की के मारे जाने की खबर सुर्खियों में आ गई। दहशत का दूसरा नाम बन चुका विक्की गोंडर खामोश हो चुका था। इसके साथ ही पुलिस ने भी राहत की सांस भी ली है कि आखिर विक्की खत्म हो गया है। लेकिन, पुलिस को आगे सचेत रहना होगा क्योंकि अपनी बादशाहत साबित करने के चक्कर में विक्की का गैंग पलटवार जरूर करेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *