ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विक्की गौंडर के एनकाउंटर के बाद पंजाब पुलिस के हौसले बुलंद हैं। नाभा जेल ब्रेक के मास्टरमाइंड विक्की गौंडर के एनकाउंटर के बाद कई सवाल खड़े किए जा रहे हैं। हालांकि, विक्की गौंडर के एनकाउंटर के बाद पुलिस को चारों तरफ से तारीफ मिल रही है। हम आपको बता रहे हैं उन चार काबिल ऑफिसर्स के बारे में जिन्होंने विक्की गौंडर के एनकाउंटर की ना सिर्फ मॉनिटरिंग की, बल्कि, पूरे ऑपरेशन का सफलतापूर्वक अंजाम देकर पंजाब अंडरवर्ल्ड की कमर तोड़ने का काम किया।
निर्लाभ किशोर : पंजाब पुलिस के ऑर्गेनाइज्ड क्राइम कंट्रोल यूनिट की कमान संभालने वाले किशोर खुद को लो-प्रोफाइल रखने में भरोसा रखते हैं। लेकिन, उनकी गिनती पंजाब पुलिस के सबसे काबिल अधिकारियों में होती है। गौंडर को जिंदा या मुर्दा पकड़ने का जिम्मा उन्हें ही मिला हुआ था। किशोर टूटी-फूटी सूचनाओं को जोड़कर गौंडर तक पहुंचने की सीढ़ी बना रहे थे। यहां तक कि उन्होंने खुद के नेटवर्क को बखूबी एक्सप्लोर किया ताकी जल्द से जल्द मोस्टवांटेड गैंगस्टर विक्की गौंडर का सफाया किया जा सके।
गुरमीत चौहान : पटियाला के SSP रह चुके गुरमीत चौहान ने सारे ऑपरेशन को धरातल पर उतारने में खास भूमिका निभाई। बताया जाता है कि विक्की गौंडर के एनकाउंटर के दो दिन पहले ही गुरमीत चौहान घटनास्थल के पास कैंप कर चुके थे। चौहान को इनपुट मिल चुका था कि गौंडर घर में अकेला नहीं छिपा हुआ है। उन्होंने एनकाउंटर के पहले सारी प्लानिंग बनाई और पुलिसकर्मियों को सफलतापूर्वक लीड किया। उन्होंने हर स्थिति का गहराई से अध्ययन करने के बाद पुलिस को एनकाउंटर का इशारा कर दिया।
संदीप गोयल : असिस्टेंट इंस्पेक्टर जनरल संदीप गोयल को ऑपरेशन के टेक्निकल इंर्फोमेशन जुटाने का जिम्मा दिया गया था। संदीप गोयल फेसबुक के सहारे विक्की गौंडर के मूवमेंट और उसके सहयोगियों से जुड़ी जानकारी जुटा रहे थे। यहां तक कि दूसरे इलाकों के बदमाशों के साथ विक्की गौंडर के रिश्ते पर भी उनकी नजर लगी हुई थी। विक्की गौंडर से जुड़ी हर छोटी-बड़ी सूचनाओं को जोड़कर उन्होंने पुख्ता जानकारी इकट्ठा कर ली थी। इसी के सहारे पुलिस को आखिरकार विक्की गौंडर के ठिकाने का पता चल गया।
बिक्रम बरार : पंजाब पुलिस के दबंग इंस्पेक्टर के रूप में फेमस बिक्रम बरार को विक्की गौंडर के एनकाउंटर का मास्टरमाइंड कहा जाता है। बिक्रम बरार ही पहले पुलिस अधिकारी थी जो एनकाउंटर के दौरान विक्की गौंडर के घर में दाखिल हुए थे। पंजाब अंडरवर्ल्ड को करीब से देखने वाले बिक्रम बरार ने नाभा जेल ब्रेक के कई गैंगस्टर्स को पकड़ने में सफलता पाई थी। कहा जाता है कि बिक्रम का अंडरवर्ल्ड में जबरदस्त नेटवर्क था। इन्हीं सूचनाओं को आधार बनाकर पंजाब पुलिस को विक्की गौंडर तक पहुंचने में सफलता मिली।



