ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : पंजाब में गैंगवार नया नहीं है। हालात यह है कि गैंगस्टर खुद एक-दूसरे को ठिकाने लगाने की कोशिश में लगे रहते हैं। अगर कोई दूसरे गैंग से बच भी जाए तो पुलिस तैयार बैठी रहती है। लेकिन, अधिकांश मामलों में देखा जाता है पुलिस के पहले की नामी गैंगस्टर्स का काम तमाम कर दिया जाता है। सुक्खा काहलवां के मर्डर के बाद विक्की गौंडर की जितनी ताकत बढ़ी, उससे ज्यादा उसके दुश्मनों की संख्या में इजाफा हो चुका था। यहां तक कि विक्की के दूसरे गैंग्स से छत्तीस का आंकड़ा हो चुका था। हर कोई हथियार के साथ विक्की गौंडर को ठिकाने लगाने के लिए तैयार बैठा था। दूसरी तरफ पुलिस भी तमाम हाथ-पैर मार रही थी। लेकिन, ना तो विक्की की परछाई पकड़ में आ रही थी और ना ही उसका पता चल रहा था। वहीं वो फेसबुक पर लगातार अपने पोस्ट्स से पुलिस को चैलेंज कर रहा था।
सुखप्रीत के सहारे पुलिस ने पाई सफलता!
दरअसल, कहानी लगती फिल्मी है, लेकिन यह पूरी तरह हकीकत है। विक्की गौंडर के एनकाउंटर की पूरी स्क्रिप्ट लिखी जा चुकी थी। इस स्क्रिप्ट को पुलिस अपने हिसाब से लिख रही थी। मुख्य किरदार में पुलिस थी तो मुख्य विलेन विक्की गौंडर। और, कहते हैं ना अगर पुलिस चाह ले तो किसी भी गैंगस्टर को पकड़ने में देरी नहीं लगती। हालांकि, पुलिस ने यहां कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी थी। पंजाब पुलिस सिर्फ और सिर्फ विक्की गौंडर को मौत की नींद सुलाने की फिराक में थी। पुलिस का साथ दिया विक्की के बेहद खास माने जाने वाले सुखप्रीत ने। सुखप्रीत ही वो कड़ी थी, जिसके सहारे पुलिस विक्की गौंडर तक पहुंच सकी। सुखप्रीत विक्की गौंडर के हर हरकत की जानकारी पुलिस को व्हाट्सएप कर रहा था। जब विक्की पाकिस्तान भागने की फिराक में था तभी अचानक पुलिस ने उसे प्रेमा लाहौरिया के साथ ढेर कर दिया।

लवी देवड़ा की मौत के बाद टूट गया विक्की!
भले ही 26 जनवरी को विक्की गौंडर का एनकाउंटर हुआ हो, उसके मौत की स्क्रिप्ट काफी पहले लिखी जा चुकी थी। दरअसल, 15 जुलाई 2017 की शाम करीब 8 बजे फरीदकोट में तीन युवकों ने गैंगस्टर लवी देवड़ा को गोलियों से छलनी कर दिया और फरार हो गए। पुलिस ने पहले बताया कि यह गैंगवार का नतीजा है। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, पुलिस को पता चल गया था लवी देवड़ा और विक्की गौंडर के बेहद करीबी रिश्ते थे। लवी देवड़ा की हत्या का आरोप लॉरेंस गैंग के शूटर भोला और गैंगस्टर इंदरप्रीत सिंह उर्फ पैरी पर था। पुलिस ने दोनों को चंडीगढ़ के सेक्टर 63 से पकड़ा गया। कहानी में ट्वीस्ट यहीं पर आता है। हकीकत में लॉरेंस और विक्की गौंडर गैंग के बीच अदावत काफी पुरानी रही है। दोनों गैंग एक-दूसरे के खून के प्यासे हो चुके थे। और, सबसे पहले लवी देवड़ा की हत्या की तैयारी होने लगी थी।

विक्की के खास लवी को मारने का मकसद
लॉरेंस गैंग समझ चुका था कि जब तक लवी जैसे सहयोगी विक्की के साथ हैं उसे मारना आसान नहीं होगा। लॉरेंस गैंग ने जाल बिछा दिया और लवी पर नजर रखने लगे। लॉरेंस गैंग लवी के हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थे। आखिर में 15 जुलाई 2017 को पूरी प्लानिंग के साथ लवी देवड़ा को फरीदकोट में गोलियों से छलनी कर दिया गया। वहीं कुछ दिन बाद ही पुलिस ने हत्या के आरोपी शूटर भोला और पैरी को गिरफ्तार कर लिया। लवी की हत्या से बौखलाए उसके भाई ने हत्यारों को मारने के लिए पुलिस की मौजूदगी में उसकी चिता पर शपथ तक ले ली। वहीं विक्की गौंडर ने भी इशारा दे दिया था कि वह उसके साथ है, जल्द ही लॉरेंस गैंग का सफाया कर दिया जाएगा। इसकी भनक शूटर भोला और पैरी को लग चुकी थी। कहा जाता है कि इसके बाद दोनों ने विक्की से बचने के लिए खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
कभी भी धधक सकती गैंगवार की चिंगारी!
भोला शूटर का नाम उस समय हरियाणा और पंजाब पुलिस की हिट-लिस्ट में आ गया जब उसने विक्की के बेहद खास लवी देवड़ा को गोलियों से छलनी कर दिया था। लवी फरीदकोट में लगे एक मेले में गया था, इसी दौरान भोला शूटर ने उस पर गोलियों की बौछार कर दी और वहां से फरार हो गया। इस घटना के बाद पुलिस के सिर पर बल पड़ गए। पुलिस को लगने लगा था कि एक बार पंजाब की धरती गैंगवार से दहल जाएगी। पुलिस समझ गई थी कि फरीदकोट से उठी बदले की चिंगारी पंजाब से लेकर हरियाणा तक को झुलसा देगी, हालांकि पुलिस ने भोला शूटर और पैरी को गिरफ्तार करके उस चिंगारी को भड़कने से बचा लिया। लेकिन तय है सुखप्रीत की धोखेबाजी से विक्की का गैंग गुस्साया हुआ है। आशंका जताई जा रही है अगर पुलिस ने पहल नहीं की तो पंजाब में गैंगवार की चिंगारी कभी भी भड़क जाएगी।
