- पाकिस्तान में बिना किसी कांटछांट के रिलीज की जाएगी ‘पद्मावत’
- हरियाणा के 80 प्रतिशत सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हुई फिल्म
- कानपुर क्षत्रिय महासभा की दीपिका के नाक काटने पर इनाम की घोषणा की
- फिल्म को लेकर कांग्रेस-भाजपा के नेताओं में जुबानी जंग हुई तेज
ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : तोड़फोड़, आगजनी के बीच संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ को गुरुवार को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज कर दिया गया। एक तरफ सिनेमाघरों में फिल्म का प्रदर्शन किया जा रहा था तो दूसरी तरफ देशभर के विभिन्न हिस्सों से ‘पद्मावत’ के विरोध में प्रदर्शन और आगजनी की घटनाओं की सूचना आती रही। फिल्म का विरोध कर रही करणी सेना ‘पद्मावत’ के रिलीज के साथ ही सड़कों पर उतर आई। राजस्थान के उदयपुर में करणी सेना के उत्पातियों ने कई दुकानों में जमकर तोड़फोड़ किया। जबकि जयपुर में बाइक रैली निकालकर फिल्म के विरोध में जमकर नारेबाजी की। एक दिन पहले ही फिल्म को लेकर जारी विवाद के बीच मध्यप्रदेश, गुजरात, गोआ और राजस्थान के कई सिनेमाघरों के संचालकों ने फिल्म के प्रदर्शन से इंकार कर दिया था। वहीं पाकिस्तान सेंसर बोर्ड ने फिल्म को बिना किसी कांटछांट के ‘पद्मावत’ रिलीज करने की बात कही है।
‘सुप्रीम’ आदेश को करणी सेना ने दिखाया ठेंगा
‘पद्मावत’ को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने विरोध कर रहे राज्यों को जमकर लताड़ लगाई। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने साफ-साफ कहा कि जिन्हें फिल्म से एतराज है वो इसे देखने से परहेज करें। सुप्रीम आदेश को भी करणी सेना ने ठेंगा दिखाने से परहेज नहीं किया। उत्तरप्रदेश, बिहार, हरियाणा के कई शहरों में एहतियात के तौर पर फिल्म का प्रदर्शन नहीं किया जा रहा है। बिहार के आरा, मुजफ्फरपुर से भी हिंसा की खबरें मिली है। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर टायर जलाकर फिल्म का विरोध किया। जबकि करणी सेना किसी भी कीमत पर फिल्म का प्रदर्शन नहीं होने देना चाहती। वो तो लोगों से फिल्म नहीं देखने की अपील कर रही है। वहीं दिल्ली समेत कई शहरों में फिल्म को एक दिन पहले ही फिल्म को रिलीज कर दिया गया। विरोध के कारण सिनेमाघर मालिक फिल्म का ज्यादा प्रचार नहीं कर रहे हैं।
करणी सेना ने चित्तौड़ में जौहर की धमकी दी
फिल्म ‘पद्मावत’ का विरोध कर रही करणी सेना के प्रमुख गोविंद सिंह खांगरोट और उपाध्यक्ष कमलेंदू सिंह को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं करणी सेना के लोगों ने धमकी दिया था कि फिल्म के विरोध में 1900 महिलाएं जौहर करेंगी। कुछ महिलाओं ने तो चित्तौड़ के किले में घुसने की कोशिश भी की, जिन्हें रोक दिया गया। उधर कानपुर के क्षत्रिय महासभा ने फिल्म का खुलेआम विरोध किया है। महासभा ने तो ‘पद्मावत’ की अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की नाक काटने पर इनाम की घोषणा कर दी है। कहा गया है कि जो दीपिका की नाक काटकर लाएगा उसे करोड़ों रूपये इनाम के रूप में दिए जाएंगे। वहीं मनोहर सरकार के आश्वासन के बावजूद हरियाणा के 80 प्रतिशत थियेटर में फिल्म का प्रदर्शन नहीं किया गया। पुलिस ने गुरूग्राम, पंचकूला, फरीदाबाद, पलवल आदि शहरों में धारा 144 लगा दिया है।
There will never be a cause big enough to justify violence against children. Violence and hatred are the weapons of the weak. The BJP's use of hatred and violence is setting our entire country on fire.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) January 24, 2018
फिल्म ‘पद्मावत’ पर नेताओं की सियासत भी जारी
एक तरफ करणी सेना समेत दूसरे राजपूत संगठन फिल्म ‘पद्मावत’ का विरोध कर रहे हैं तो दूसरी तरफ फिल्म पर राजनीति बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरूग्राम में बच्चों की बस पर हुए हमले को आधार बनाकर भाजपा सरकार को घेरा। राहुल ने कहा कि ‘भाजपा गंदी राजनीति करती है। देश को हिंसा की आग के हवाले कर दिया गया।‘ दूसरी तरफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने फिल्म पर बेतुका बयान दे दिया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि फिल्म किसी की भावना को आहत करने के लिए नहीं बनाए जाने चाहिए। वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी फिल्म के विरोध के चक्कर में गुरूग्राम में बच्चों की बस पर हमले को कायरतापूर्ण करार दिया। जबकि भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा कि ‘पद्मावत’ पर राहुल गांधी का स्टैंड क्लीयर नहीं है।
रोमांटिक सीन पर आपत्ति, दर्शक कर रहे पसंद
‘पद्मावत’ फिल्म में अलाउद्दीन खिलजी और रानी पद्मावती के बीच रोमांटिक सीन्स फिल्माए गए हैं। दरअसल, खिलजी सपने में पद्मावती से रोमांस करता नजर आता है। जबकि करणी सेना का कहना है कि ऐसे किसी सीन का बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दूसरी तरफ जिन्होंने फिल्म देखी उनमें से अधिकांश ने इसकी तारीफ की। लोगों की मानें तो तमाम विरोधों के बावजूद संजय लीला भंसाली ने एक बेहतर पीरियड ड्रामा तैयार किया है। फिल्म में सारे कलाकारों ने बेहतर काम किया है। वहीं गीत हो या नृत्य पूरी यूनिट की मेहनत उसमें झलकती है। हालांकि, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा कि संजय लीला भंसाली की ‘पद्मावत’ सुपर हिट होती है या फ्लॉप। लेकिन जिस तरह से विवाद जारी हैं, उससे साफ है कि फिल्म को बिना किसी खास कोशिश के बहुत ज्यादा हाइप और प्रमोशन जरूर मिल गया है।



