ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : झारखंड के रांची की CBI कोर्ट ने चारा घोटाला मामले के तीसरे केस में बुधवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू यादव और पूर्व CM जगन्नाथ मिश्रा को दोषी करार दे दिया। अदालत ने दोनों को पांच साल सश्रम कारावास के साथ दस-दस लाख का जुर्माना भी लगाया। फैसले के बाद राजद ने इसे साजिश करार दिया। दूसरी तरफ फैसला आने के बाद बिहार में राजनीति बयानबाजी फिर शुरू हो गई। राजद की तरफ से सजा को राजनीति से प्रेरित बताया गया। वहीं यह भी कहा कि सजा के खिलाफ उपरी अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।
राजद नेता रघुवंश प्रसाद सिंह और तेजस्वी यादव ने कहा कि सभी ने मिलकर लालू यादव को फंसाया है। भाजपा चाहती है कि बिहार में लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव हो। इसी कारण भाजपा और जदयू लालू यादव को किसी भी तरह जेल में बंद रखना चाहती है। जदयू नेता केसी त्यागी ने कहा है कि तेजस्वी यादव का बयान बचकाना है। जिस किसी ने भी सरकारी खजाने को लूटने का काम किया है उसे सजा जरूर मिलनी चाहिए। दूसरी तरफ भाजपा नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि लालू यादव ने खुद घोटाला किया और आरोप उन पर लगाया जा रहा है।
रौंदोगे तो हिमाला बनूँगा
विष दोगे तो शिवाला बनूँगा
उधेड़ोगे तो दूशाला बनूँगा
जलाओगे तो उजाला बनूँगा
दफ़नाओगे तो निवाला बनूँगा
लालू लाल है बिहार का
जन्म-जन्मांतर तक
इस मिट्टी का रखवाला बनूँगा।— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) January 22, 2018
दरअसल, लालू यादव को चाईबासा ट्रेजरी से सरकारी राशि की अवैध निकासी के मामले में सजा सुनाई गई है। इसके पहले लालू को झारखंड के देवघर कोषागार से सरकारी खजाने में हेराफेरी के आरोप में साढ़े तीन साल की सजा हुई है। फिलहाल लालू रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में सजा काट रहे हैं। सजा के ऐलान के दो दिन पूर्व लालू यादव के ऑफिशियल ट्वीटर हैंडल से एक ट्वीट किया गया। ट्वीट में लालू ने जिक्र किया है ‘उन्हें जितना रौंदा जाएगा, वो उतनी मजबूती के साथ खड़े रहेंगे।‘ बहरहाल सजा के ऐलान के साथ ही बिहार का राजनीतिक पारा अचानक चढ़ गया है।

