ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : कश्मीर से मंगलवार से ऐसी खबर आई की सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ गए। कश्मीर के बारामुला के विभिन्न इलाकों से अलकायदा से जुड़े मोस्ट वांटेड आतंकी जाकिर मूसा की पोस्टर मिलने से सनसनी फैल गई। पोस्टर में जाकिर मूसा की फोटो के साथ लिखा हुआ था ‘नो टू नेशनलिज्म, नो टू डेमोक्रेसी, कश्मीर बनेगा दारा-उल-इस्लाम।’ इन पोस्टर्स की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और इन्हें जब्त कर लिया। हालांकि, पुलिस इसे शरारती तत्वों का हाथ बता रही है, लेकिन अभी तक साफ नहीं हो सका है किस मकसद से पोस्टर्स लगाए गए थे।
दरअसल, हिजबुल मुजाहिद्दीन और अल कायदा की घाटी में आपसी खींचतान पुरानी है। दोनों खुद को जम्मू-कश्मीर की आजादी के लिए काम करने वाला बताते हैं। हिजबुल मुजाहिद्दीन तो खुले तौर पर जाकिर मूसा को भारत का एजेंट कहता है। जबकि, जाकिर मूसा के समय-समय पर बयान आते रहते हैं, जिसमें वो कश्मीर की आजादी की बात दोहराता है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि उत्तरी कश्मीर के बारामुला में भी अपना दबदबा बनाए रखने के इरादे से मूसा ने इस तरह के पोस्टर लगवाए हैं। मूसा को अल-कायदा से जुड़े संगठन अंसार उल गजवा-ए-हिंद का संस्थापक भी माना जाता है।
दूसरी तरफ पुलिस ने पोस्टर्स लगाए जाने के पीछे किसी आतंकी संगठन का हाथ होने से इंकार किया है। पोस्टर्स मिलने के बाद एक मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है। हालांकि, एहतियातन इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को टाला जा सके। पुलिस की मानें तो बारामुला में जाकिर मूसा के पोस्टर्स को पहली दफा बरामद किया गया है। साफ है कि अगर यह शरारती तत्वों की कारस्तानी है तो उस पर कड़ाई से कार्रवाई किए जाने की जरूरत है। लेकिन अगर यह आतंकियों की करतूत निकली तो संभव है मूसा अपने मकसद में सफल हो गया हो।
