इनेलो सरकार में हरियाणा के युवाओं को प्राइवेट नौकरी में 50 प्रतिशत आरक्षण देंगे : दुष्यंत चौटाला

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को हल्का पटौदी के गांव बासलाम्बी में युवा किसान सभा को सम्बोधित किया। इस दौरान…

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को हल्का पटौदी के गांव बासलाम्बी में युवा किसान सभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने किसानों और युवाओं की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश की सरकार को जिम्मेदार ठहराया। सांसद चौटाला ने प्रदेश सरकार पर महिला सुरक्षा मामलों में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए सरकार को आइना दिखाया। कहा कि गंगा-जमना व सरस्वती नदी के संगम त्रिवेणी में गुप्त रूप से बहती है यह वैदिक सच्चाई है। भौगौलिक परिवर्तन आने के कारण सरस्वती नदी इतिहास हो गई। सरस्वती के इतिहास को हम स्वीकार कर सकते हैं लेकिन वर्तमान सरकार ट्यूबवेल के पानी से नहर चलाना हास्यास्पद है। सरकार किसानों को ट्यूबवेल लगाने नहीं देती और खुद एक फैंसी प्रोजेक्ट में ट्यूबवेल चला रही है।

  • किसानों को 24 घंटे बिजली देने में सरकार विफल
  • हरियाणा सरकार के राज में किसानों का हाल दयनीय
  • हरियाणा में पढ़ाई, दवाई और सिंचाई होगी मुफ्त
  • महिला सुरक्षा के मामले में सरकार पूरी फिसड्डी

उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में जब इनेलो सरकार बनेगी तो युवाओं को नौकरी के बेहतर अवसर देने के लिए प्राइवेट कंपनियों के साथ समझौता करेंगे, जिससे 50% रोजगार हरियाणा के युवाओं के लिए आरक्षित हो सके। केंद्र की सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा की स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट पहली कलम से लागू करने के लिए देश के किसानों के साथ वायदा किया। केंद्र की सरकार को साढ़े तीन साल से ज्यादा हो चुका है परन्तु किसानों को फसल का दाम लागत का डेढ़ गुना देना तो दूर की बात किसानों की सही लागत भी ये सरकार अभी तक नहीं दे पाई। हरियाणा में जब इनेलो की सरकार थी किसानों को 24 घंटे बिजली दी जाती थी, किसान जब चाहे खेत में पानी दे सकते थे। लेकिन आज की स्थिति बहुत ही दयनीय है गांव में दिन में बिजली कभी भी नहीं आती। पटौदी इलाके के किसानों ने सांसद को बताया कि बिजली रात को चार घंटे आती है, उसका कोई समय निश्चित नहीं है।

सांसद चौटाला ने किसानों को आश्वासन दिया की इनेलो की सरकार आने पर ठीक पहले की तरह 24 घंटे बिजली दी जाएगी। बुढ़ापा पेंशन जो चौधरी देवी लाल जी ने शुरू की थी आज की सरकार ने हरियाणा के गांव में बहुत अधिक मात्रा में कटौती कर दी है वो दोबारा से बहाल करके 2500 रुपए सम्मान के साथ उनके घर पहुंचाई जाएगी। शिक्षा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा इनेलो की सरकार आने पर पढाई मुफ्त, दवाई मुफ्त व सिंचाई मुफ्त की जाएगी। कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए सांसद ने कहा आज हरियाणा की सरकार बहन बेटी की इज्जत बचाने में नाकाम है। आए दिन रेप और गैंगरेप की घटनाएं बढ़ रही है जिससे हरियाणा बदनाम हो रहा है। हरियाणा में बेटी बचाओ बेटी पढाओ का नारा देकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर कुम्भकर्णी नींद सोए हुए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *