
ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : दुनियाभर में डिप्रेशन के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अधिकांश मामलों में देखा जाता है कि अकेलेपन के कारण किसी भी व्यक्ति में डिप्रेशन के चांसेज काफी ज्यादा हो जाते हैं। अकेलेपन और डिप्रेशन से निपटने के लिए ब्रिटेन सरकार ने पहल करते हुए एक मंत्रालय का गठन करके खेल और सिविल सोसायटी मंत्री ट्रेसी क्राउच को इसका प्रभार सौंपा है। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टरीजा मे के ऑफिस से जारी बयान में कहा गया है कि इस मंत्रालय को लेबर पार्टी के सांसद जो कॉक्स की याद में बनाया गया है।
दरअसल, जो कॉक्स ने पूरे देश में बढ़ते अकेलेपन को दूर करने के लिए काफी काम किया था। वह अकेले रहने वालों की काफी मदद करते थे। उन्होंने अकेलेपन को दूर करने के लिए आयोग का गठन भी किया था। मंत्रालय का जिम्मा संभाल रही ट्रेसी क्राउच आयोग की सिफारिशों को आगे बढ़ाने का काम करेंगी। मंत्रालय आयोग के अधिकारियों के साथ मिलकर अकेले रहने वालों के लिए मिलकर काम करेगी। साथ ही मंत्रालय इस बात पर भी ध्यान देगी कि देश में अकेले रहने वालों के लिए बनाई गई योजनाओं को सही ढंग से लागू किया जा सके।

ध्यान देने वाली बात यह है कि एक शोध में पता चला है कि ब्रिटेन में 1 करोड़ लोग अकेलेपन और अवसाद के शिकार हैं। हालात तो इतने खराब हैं कि दो लाख से ज्यादा बुजुर्ग दोस्तों या रिश्तेदारों से लंबे समय तक बात नहीं कर पाते हैं। यहां तक कि 18 से 34 साल की उम्र के करीब 85 फीसदी निश्शक्त युवा अकेलेपन से ग्रस्त हैं। हालांकि अकेलेपन के शिकार लोग देखने में आम लोगों के जैसे ही होते हैं, लेकिन वो भीतर से काफी टूट चुके होते हैं। कभी-कभी हालात इतने बेकाबू हो जाते हैं कि लोग जिंदगी खत्म करने जैसे फैसले लेने से नहीं चूकते।
