ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : टीम इंडिया के कैप्टन विराट कोहली को ICC के सभी फार्मेट में बेस्ट खिलाड़ी चुना गया है। यह उन लोगों के लिए सबक है, जो सोशल मीडिया पर देश के खिलाड़ियों पर भद्दे कमेंट करके उनके सम्मान को ठेस पहुंचाते हैं। दरअसल, भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रही तीन टेस्ट मैचो की सीरीज के दूसरे मैच में भी टीम इंडिया को केपटाउन के बाद सेंचुरियन टेस्ट में भी हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका ने टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली है। इसके साथ ही टीम इंडिया का लगातार 10 टेस्ट सीरीज जीतने का सपना भी टूट गया।
असल में यहाँ बात हार-जीत की नहीं है। हार और जीत तो खेल का एक हिस्सा होता है। आज हार है तो कल जीत, लेकिन जब एक खिलाड़ी देश के लिए खेलता है तो जीत या हार उसकी अकेली न होकर पूरे देश से जुड़ जाती है। हम ऐसा इसलिए कह रहें है क्योंकि मैच हारने के बाद सोशल मीडिया पर जिस तरह से विराट कोहली को निशाना बनाया गया, वह काफी शर्मनाक है। लोग सोशल मीडिया पर विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा को टेस्ट मैच हारने का कारण बताने से नहीं चूके।
लोगों ने सारी शालीनता को दरकिनार कर दिया और टीम इंडिया के हार की वजह विराट कोहली की शादी को ठहरा दिया। सोशल मीडिया पर इस तरह से ऐसे भद्दे कमेंट करना लोगों की गलत मानसिकता को दर्शाता है। लोगों को यह सोचना चाहिए कि खिलाडियों की भी अपनी एक निजी जिंदगी होती है जिसे वो अपने ढंग से जीते हैं। कमेंट करने वाले लोगों को यह भी देखना चाहिए कि जिस टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली पर उसके खेल को लेकर कमेंट कर रहे हैं, उन्हें ICC ने सम्मानित करने की घोषणा की है।
माना कि भारत में क्रिकेट का बहुत क्रेज है। जब टीम इंडिया की जीत होती है तो शानदार जश्न मनाया जाता है। लेकिन इसके विपरीत जब इंडिया अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाती है तो टीम को आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है। यह पहली बार नहीं है, जब देश का प्रतिनिधित्व करने वाली क्रिकेट टीम को ऐसे आलोचनाओं का सामना करना पड़े। ऐसा पहले भी कई दफा हो चुका है। लेकिन हद तो तब पार हो जाती है जब सोशल मीडिया पर लोग किसी खिलाड़ी के निजी जीवन को हार का कारण बताने लगते हैं।


