पतंजलि ला रहा ‘स्वदेशी समृद्धि कार्ड’, धारकों को मिलेगा पांच लाख का बीमा

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : कुछ दिनों पहले ही योगगुरू बाबा रामदेव ने पतंजलि के कारोबार को बढ़ावा देने के मकसद से ई-कॉमर्स कंपनियों से गठजोड़…

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : कुछ दिनों पहले ही योगगुरू बाबा रामदेव ने पतंजलि के कारोबार को बढ़ावा देने के मकसद से ई-कॉमर्स कंपनियों से गठजोड़ किया था। अब एक कदम आगे बढ़ाते हुए पतंजलि डिजिटल भुगतान के लिए स्वदेशी समृद्धि कार्ड लाने जा रही है। इसे 26 जनवरी को लॉन्च किया जाएगा। इस कार्ड का इस्तेमाल करके लोग विशेष छूट पर पतंजलि के विभिन्न उत्पादों की खरीदारी कर सकेंगे। वहीं कार्डधारक को 5 लाख का बीमा भी मिलेगा।

योजना के तहत सदस्य बनने वालों को ‘डेबिट कार्ड’ मिलेगा। इसके जरिए पतंजलि के स्टोर्स, चिकित्सालय और आरोग्य केंद्रों में भुगतान किया जा सकेगा। भुगतान को सुगम बनाने के लिए पीओएस मशीन भी लगेंगे। कार्ड बनवाने के लिए 150 रूपये का शुल्क देना होगा, जबकि नया कार्ड इश्यू कराने के लिए 20 रूपये लगेंगे। तिरंगे के साथ कार्ड पर बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण की तस्वीर भी रहेगी। जबकि खरीदारी पर 5 से 10 फीसद छूट भी मिलेगी।

आखिर कैसे काम करेगा समृद्धि कार्ड

अगर आप समृद्धि कार्ड का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो पहली बार न्यूनतम 1000 रूपये से टॉप अप करना होगा और इसमें मिनिमम 500 रूपये का बैलेंस होना चाहिए। 4000 रूपये तक के टॉप-अप पर 5 फीसद स्वदेशी निष्ठा राशि दी जाएगी। वहीं 4000 से 5000 तक के टॉप-अप पर 6 और इससे अधिक रूपये पर 7 फीसद राशि मिलेगी। मतलब आप 1000 रूपये जमा कराते हैं तो स्वदेशी निष्ठा राशि के तहत यह 1050 रूपये हो जाएगा।

जबकि कार्ड के जरिए आप एक दिन में 9,999 रूपये की खरीदारी कर सकते हैं। वहीं कार्ड धारकों को स्वदेशी निष्ठा सहयोग योजना के तहत बीमा कवर मिलेगा। किसी हादसे में अगर कार्ड धारक की जान चली जाती है तो नॉमिनी को 5 लाख जबकि विकलांग होने की सूरत में 2.50 लाख रूपये पतंजलि की ओर से मिलेंगे। बीमा का लाभ लेने के लिए कार्ड धारक को छह महीने में कम से कम 6 हजार रूपये की खरीदारी करनी आवश्यक होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *