ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : जम्मू-कश्मीर से एक ऐसी खबर आई है, जिसे पढ़कर आपका सिर गर्व से ऊंचा हो जाएगा। जम्मू-कश्मीर की मेडिकल प्रोफेशनल डॉ. शरमीन मुश्ताक स्नो रेस में भाग लेने वाली पहली महिला हैं। गुलमर्ग में आयोजित होने वाले इस रेस में भाग लेने के लिए दो बच्चों की मां शरमीन काफी उत्साहित हैं। हैरानी की बात यह है कि इस खतरनाक रेस में बड़ी संख्या में पुरूष तो भाग लेते हैं, लेकिन महिलाओं के लिए यह मुफीद नहीं माना जाता।
वहीं रेस में शामिल होने पर शरमीन उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि उनके बच्चों का हौसला उनके साथ है। शरमीन ने बताया कि वो कई बार जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर ड्राइविंग कर चुकी हैं। लेकिन बर्फीली रास्तों पर गाड़ी चलाने का खास अनुभव नहीं है। अभी कार रेसिंग को पुरूषों के लिए माना जाता है, लेकिन महिलाएं भी किसी से कम नहीं हैं। इसी को लोगों तक पहुंचाने के लिए उन्होंने कार रेसिंग में हिस्सा लेने का फैसला लिया है। शरमीन का कहना है कि वो रेस में जीत-हार की तरफ ध्यान नहीं दे रही। उनका भाग लेना ही सबसे खास अनुभव है और वो बेहतर प्रदर्शन को बेताब हैं। दो दिनों तक चलने वाला यह रेस 20 जनवरी को शुरू होगा, जिसमें 50 रेसर भाग लेंगे। फिलहाल गुलमर्ग का तापमान माइनस 10 डिग्री से भी नीचे है। इस कारण बर्फीले रास्तों पर ड्राइविंग करना खतरे से कम नहीं है। इस रेस को ‘फ्रोजन रश 2’ के नाम से भी जाना जाता है और यह देश का दूसरा स्नो कार रेस भी है। यह 1.25 किमी के लैप में आयोजित होता है।

