ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: पंजाब में #Smog का जिम्मेदार पाकिस्तान है – Capt. Amarinder Singh
देश में अशांति के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार है। देश में आतंकवादी घटनाओं के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार है। देश में बढ़ रही असहिष्णुता के पीछे पाकिस्तान का हाथ है। ऐसी कितनी ही घटनाएं आपने सुनी होंगी जिसके पीछे नेता बहुत ही आसानी से पाकिस्तान के हाथ होने की बात कह देते हैं। ऐसे कितने ही बयान आपको याद होंगे जिसमें किसी नेता ने विरोधी नेता को पाकिस्तान जाने की हिदायत दे रखी हो, लेकिन क्या आप जानते हैं कि पंजाब-हरियाणा और दिल्ली तक में कहर बरपाने वाला स्मॉग भी पाकिस्तान की देन है। नहीं जानते? तो आपको पंजाब के मुख्यमंत्री का वो बयान देखने-सुनने की जरूरत है, जो उन्होंने फेसबुक पर अपने पेज पर अपलोड किया हुआ है। जी हां, कैप्टन साहब भूगोल पढ़ाने वाले शिक्षक की तरह विस्तार से बता रहे हैं कि पाकिस्तान के किस हिस्से से धुआं उठता है?
क्यों उठता है, उन्होंने ये तो नहीं बताया, लेकिन ये जरूर बताया है कि पाकिस्तान से उठने वाला धुआं पहले पाकिस्तान के पंजाब तक आता है।
कैप्टन साहब का ‘धुआंपुराण’ इतना अच्छा है कि कोई शिक्षक भी अपने छात्रों को इतनी आसान भाषा में नहीं समझा सकेगा।
पंजाब, पाकिस्तान
पंजाब, भारत
पंजाब से हरियाणा
हरियाणा से दिल्ली
दिल्ली से यूपी
यूपी से बिहार
बिहार से झारखंड
झारखंड से कोलकाता तक पहुंचता है ये धुआं
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने हरियाणा-पंजाब और दिल्ली तक पसरे स्मॉग के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है। फेसबुक पर डाले एक वीडियो में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि इतना स्मॉग सिर्फ पंजाब से नहीं हो सकता। बल्कि इसके पीछे पाकिस्तान का हाथ है। कैप्टन अमरिंदर ने कहा कि ये धुआं पाकिस्तान से उठता है, पाकिस्तान के पंजाब से होता हुआ हमारे पंजाब तक पहुंचता है और फिर यहां से आगे बढ़कर हरियाणा तक जाता है। कैप्टन ने बताया कि पाकिस्तान से उठा हुआ धुआं ही हरियाणा से आगे बढ़कर दिल्ली तक और यहां से आगे बढ़कर यूपी, बिहार, झारखंड होता हुआ कोलकाता तक जाता है।
कैप्टन ने बताया कि इसके लिए भी पक्षिमी हवाएं जिम्मेदार हैं, जो इस धुएं को पाकिस्तान से कोलकाता तक पहुंचा देती हैं।
