एक मुस्कुराहट ऐसी भी

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: तब कितनी सहजता थी उसमे, कितनी आसानी से बातों को कह लेती थी, और एक यह आज है जब अपने मन से गढ़े…

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: तब कितनी सहजता थी उसमे, कितनी आसानी से बातों को कह लेती थी, और एक यह आज है जब अपने मन से गढ़े गए झूठे भावनात्मक चक्रव्यूहों में ही वह फंसी पड़ी है…!!

पूरा दिन तो हंसती है, जब फोन पर हो तब, जब मैसेज पर हो तब, पर क्या यह सहज सी हंसी ही है…? नहीं अब शायद एक सहज हँसी नहीं हँस पाती है, वह हरदम एक मुखौटा ओढे़ रहती है, हर पल…!  अपने भाई से बात करते हुये, अपनी मां से बात करते हुए, पापा से नाम भर की ही तो बात होती है, अपनी सबसे प्यारी सहेली से भी वह अब वैसी सहजता महसूस नही करती, शायद मन ही खुल नहीं पाता..! कुछ तो है जो उसे खुश होने से रोकता है..!

two friends

 

सुबह हुई…! पर शरीर तप रहा है…! इस बुखार को भी शायद अभी तोड़ना है उसे..! पर बच्चे को स्कूल तो भेजना ही है…! रसोई से आवाजें आने लगीं, उठो चलो, स्कूल के लिए देर हो जायेगी…! शायद बेटा जा भी चुका है अब..! क्योंकि वह चुपचाप अपने कमरे में गई, कुर्ती को शरीर से अलग किया..! ब्रा के बेस को हल्का ऊपर खिसकाया और सामने की मेज पर रखी बेटनोवेट को दाहिने स्तन के नीचे दिख रहे गहरे लाल रंग के बड़े से निशान पर मलकर फिर से कुर्ती पहन ली…!
हल्का फाउंडेशन लगाया, पलकों की कोरों पर आ चुकी नमी को तौलिए के हवाले किया, आंखें फिर से चमकती दिखें इसके लिए काजल का एक स्ट्रोक और वही अपनी पसंदीदा गुलाबी रंग की लिपस्टिक के हवाले होंठों को कर दिया…! और उन होंठों पर फिर वही असहज मुस्कान…! जिससे हर कोई रश्क करता, खुद वह भी…!

उफ्फ…! तो क्या यह एक घाव है, जो उसे पहले सा हंसने से, खिलखिलाने से रोक रहा है…? नही यह एक घाव ही नहीं शादी के ६ सालों में जाने कितने ऐसे घावों को वह छुपा छुपाकर ही तो रखती रही है…! चुपके से मलहम लगाकर एक फीकी, एक झूठी, एक असहज और असहाय सी मुस्कान के पीछे सब कुछ छुपा लेने की कामयाब कोशिश…! जिसे सिर्फ और सिर्फ डाक्टर देखता था, या फिर जब घाव के वो निशान कपड़ों से नहीं ढक पाते तब उस हास्पिटल में आए हुए मरीज…! उनकी आंखों की करुणा हृदय में संतुष्टि नहीं वेदना पैदा करते..! शरीर के घाव कभी वेटनोवेट से तो कभी डाक्टर की दवाओं से भर लेती है पर आत्मा पर जो ज़ख्म हैं उनके लिये कोई दवा नही है शायद…! वह रिसते हैं और वही दर्द भी करते हैं, पर दिखते नही हैं वो किसी को भी…!

आज Weekend है, आज पति के आने का दिन है..! सब कुछ उनकी पसंद का बनकर तैयार है..! रात हो चुकी है..! बेटे का खाना निपट गया…! डोरबेल की आवाज गूंजती है..! लपककर दरवाजा खोलने गई…! “आज देर हो गई..?” एक हिचकिचाहट के संग पूछ ही बैठी…! पर हर बार की तरह वही रुखापन, कोई ज़बाब नहीं…! समय कैसे बीता कोई चिंता नहीं…! बीमार थी, उसपर एक सवाल नहीं…! बस बेटा एक दिन स्कूल नहीं जा सका, उस पर कचहरी सजी हुई है..! इस कचहरी में जज भी पति है, वकील भी, अर्दली भी, पेशकार भी और जल्लाद भी..! बस मुजरिम अलग है, जिसकी कोई तकरीर नहीं…! शायद उसे पता है कि फैसला क्या होना है..! बस वह कब अमल में लाया जाएगा इसके इंतजार में है…!

एक बार फिर से हाथ चल रहे हैं..! उस घाव तक भी गए…! वह सब सहन करती है…! बस रोती नहीं…! शायद आत्मा के घाव का दर्द इतना है कि इस घाव का कुछ असर ही नहीं हो रहा…! यह सप्ताहांत एक और घाव छोड़ गया..! उसकी आत्मा पर भी और शरीर पर भी….!

smile 2

सुबह फिर से अलार्म बजा, फिर से किचन से आवाज आ रही है…! “उठो बेटा, देर हो जाएगी..! आप भी उठिए, चाय बन गई है..!” धुले लम्बे बालों को सम्हालती, एक प्यारी सी ड्रेस में वह हाथ में चाय का कप लिए बेडरूम में दाखिल हो गई…!

आज उसे भी जल्दी ही है, हर सप्ताह का सोमवार उसे डाक्टर तक ले ही जाता है…! आज फिर कपड़ों से ना ढक पाई उसके जिस्म की रक्तिम रेखाओं की प्रदर्शनी का Central Hall होगा वह Hospital, जहां हर औरत संग एक Caretaker होता है, सिवाय इसके…! आज फिर हथेलियों को घूरकर वह रेखा तलाशेगी जिससे जीवन में खुशियां आती हैं…! आज फिर वह रोएगी पर अपनी उस बेहद कामयाब हंसी के नेपथ्य में…!!

 

smile 1शिखा पांडेय
Flat no.203, B wing, Maruti Apartment
Nani, Daman ( Daman and Diu)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *