न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : नशे के कारोबार से निपटने के लिए बनाए गए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 6 किग्रा हेरोइन के साथ तस्करों की गिरफ्तारी के एक सप्ताह बाद STF ने खुलासा किया है कि एक साल के दौरान इन्होंने करीब 93 किग्रा नशीले पदार्थों की तस्करी पंजाब में की है। महिला समेत चार तस्कर पाकिस्तान से हेरोइन को लाकर पंजाब के विभिन्न हिस्सों में बेचते थे।
STF ने गिरफ्तार तस्करों की शिनाख्त निशान सिंह, बलदेव सिंह, हरमेश उर्फ काली और कृष्णा कुमारी के रूप में किया है और चारों फिरोजपुर जिले के रहने वाले हैं। गैंग का मुखिया अमृतसर जेल में बंद शमी है। यह भी पता चला है कि शमी के पंजाब के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विक्की गौंडर से संबंध हैं। जांच में यह भी जानकारी मिली है कि जेल में बंद शमी गैंगस्टर विक्की गौंडर को हर तरह की मदद भी करता है।
गिरफ्तार तस्कर अमृतसर और आसपास के इलाकों में अधिकांश नशीले पदार्थों की बिक्री करते थे। हाल ही तस्करों ने विक्की गौंडर गैंग को दो कंसाइनमेंट दिया था। STF को पता चला है कि गिरफ्तार तस्करों ने गौंडर गैंग के गुर्गे शेरा को 14 किग्रा, जबकि पहलवान को 25 किग्रा हेरोइन की सप्लाई की थी। सबसे सनसनीखेज बात यह है कि तस्करों का गिरोह पाकिस्तान के स्मगलर्स के इशारों पर काम करता है।

