देहरादून से आई कविता ‘चांद दिखे, ना दिखे’ में स्त्री का सृजन कौशल

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : एक स्त्री अगर रचना करती है तो उसमें सृजन की सारी व्याख्या समाहित होती है। स्त्री, जिंदगी के हर रूप को…

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : एक स्त्री अगर रचना करती है तो उसमें सृजन की सारी व्याख्या समाहित होती है। स्त्री, जिंदगी के हर रूप को संपूर्णता से जीती है, इसलिए एक मां, एक बहन, एक बेटी और एक पत्नी के रूप में उसकी जिंदगी संपूर्णता को समेटे होती है। और, जब वही स्त्री शब्दों के सहारे कुछ लिखे तो उसमें जिंदगी के हर प्रतिबिंब होते हैं।

www.livingindianews.co.in के नये कॉलम ‘साहित्य’ के लिए इस बार हमें देहरादून से एक कविता मिली है। पेशे से शिक्षिका, लेकिन दिल से कवियत्री पल्लवी मिश्रा की कविता का शीर्षक ‘चांद दिखे, ना दिखे’ है। आप भी उनकी कविता को पढ़कर समझिए एक स्त्री की नजरों और शब्दों से जिंदगी की सच्चाई को।

चांद दिखे, ना दिखे
————————

– पल्लवी मिश्रा

संध्या का आकाश
जिस पर रूमानियत
बिछाते, रंगते, गढ़ते हो तुम
रोज़ ही
लगता है मुझे
सूर्य-ग्रहण।

तुम्हें बताये बिना ही
बना ली है,
चाँदी की तुलसी
जिसे डाल देती हूँ
पीने के जल में
रोज़ ही।

साँझ की डुगडुगी बजते ही
लगता है निकल आयेंगे
हर झाड़ियों के कोनों से
बहुरंगी साँप।
तुम क्या सँपेरे हो,
जो साध लोगे
हर फन का दंश।

साँझ का आकाश
जिसे कहते हो
तारों की रेशमी चादर
ओढ़ लेता है परछाईयों की उतरन।
तुम देखते क्यों नहीं
परछाइयों की मटमैली ज़िल्द।

हर डगर पर नहीं होती बस्ती बंजारों की
हर घाट पर नहीं होती
वो झाँझर नाव
जो ले जाएगी हमें
अधूरे गीतों की ओर
बेहतर है
सुनो, पैरों तले पड़े
पतझड़ के सूखे पतों की खड़खड़ाहट
थाम लो
किन्हीं सारहीन गीतों का छोर।

साँझ के आकाश के सूर्य-ग्रहण पर
स्याह होती प्रान्तर रेखाएँ
सिहरा देती हैं अंतर्मन
सोलह कलाओं वाला,
सौभाग्य का चंद्रमा
पूरब वाली खिड़की पर
कभी
दिखे, न दिखे।

(समाप्त)

असिस्टेंट प्रोफेसर
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय,
डोईवाला, देहरादून
मो. : 9411113467

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *