न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : भारतीय निशानेबाज हीना ने मंगलवार को ब्रिस्बेन में हुए कॉमनवेल्थ शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। हीना के महिला वर्ग की 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण जीतने पर देश में खुशी की लहर दौड़ गई। हीना ने 240.8 अंकों के स्कोर के साथ फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की एलेना गालियाबोविच को हराया। एलेना ने 238.2 अंकों के साथ रजत पदक जीता। ऑस्ट्रेलिया की क्रिस्टी गिलमैन ने 213.7 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
दूसरी तरफ भारत के दीपक कुमार ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता गगन नारंग को चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा। जबकि भारत के रविकुमार पांचवें स्थान पर रहे। हालांकि, नारंग ने क्वालीफिकेशन राउंड में 626.2 अंकों का कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड बनाया। हीना सिद्धू ने अक्टूबर में जीतू राय के साथ आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल्स में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीता था। दोनों ने इस वर्ष इस इवेंट में तीन पदक जीत चुके हैं।
हीना सिद्धू की सफलता पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी ट्वीट करके बधाई दी। आपको बता दें कि हीना के परिवार का जुड़ाव पंजाब से रहा है। दूसरी तरफ खेलप्रेमियों ने भी हीना की स्वर्णिम सफलता पर उन्हें बधाई देते हुए उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की है।

