न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : बलात्कार के आरोप में जेल में सिरसा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख जेल में बंद है। दूसरी तरफ उसकी कथित बेटी हनीप्रीत भी 6 नवंबर तक सलाखों के पीछे है। पुलिस तमाम कोशिशों में जुटी है, राम रहीम के साम्राज्य को धराशायी करने में, जबकि पंचकूला हिंसा में शामिल डेरा के गुंडों को गिरफ्तार करने की कोशिश भी की जा रही है। अब पंचकूला की SIT ने गुरमीत सिंह से पूछताछ तेज कर दिया है। पुलिस को पूरी उम्मीद है कि गुरमीत से सारे राज हासिल हो जाएंगे, जो अभी तक सिर्फ राम रहीम और हनीप्रीत के सीने में दफन है।
दरअसल, पंचकूला हिंसा की जांच कर रही SIT ने मुक्तसर के ठंडेवाली गांव से गुरमीत सिंह को गिरफ्तार किया है। बुधवार की देर रात SIT ने गुरमीत सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गुरमीत सिंह हनीप्रीत की साथी सुखदीप कौर का रिश्तेदार है। गुरमीत पर हनीप्रीत को फरारी के दौरान पनाह देने का आरोप लगा था। पुलिस की शुरूआती जांच में पता चला है कि गुरमीत ने हनीप्रीत को 12 दिनों तक अपने साथ रखा था। इस दौरान गुरमीत परछाई की तरह हनीप्रीत के साथ रहा था। पुलिस उससे हनीप्रीत से जुड़ी सारी जानकारी हासिल करने में जुटी है।
आपको बता दें कि इसके पहले भी SIT बठिंडा ने दो लोगों को गिरफ्तार किया था। इन्होंने भी हनीप्रीत को सात दिनों तक पनाह दिया था। हैरानी की बात यह है कि दोनों सुखदीप कौर के रिश्तेदार हैं। पुलिस अब सुखदीप कौर के रिश्तेदारों के बारे में भी पूरी छानबीन कर रही है। क्योंकि अभी तक हनीप्रीत को शरण देने के आरोप में जिनको-जिनको गिरफ्तार किया गया है, सभी सुखदीप कौर के रिश्तेदार हैं। इस लिहाज से जांच में सुखदीप कौर से ज्यादा से ज्यादा राज हासिल हो सकते हैं। हालांकि पुलिस जांच से जुड़ा कुछ भी बताने को तैयार नहीं दिख रही है।
