न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : पंजाब में राजनीति भूचाल आ गया है और तमाम दल के नेता तमतमा गए हैं। दरअसल, कनाडा के न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी के अध्यक्ष जगमीत सिंह ने स्व-निर्णय पर बयान दिया था। उनके बयान के सामने आते ही पंजाब के राजनीतिक गलियारों में अचानक हलचल बढ़ गई। जगमीत सिंह के बयान पर सबसे पहला हमला पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किया। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ना सिर्फ जगमीत सिंह के बयान की निंदा की, बल्कि कनाडा सरकार से उनके बयान पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी कर डाली।
अमरिंदर सिंह ने कहा कि जगमीत को भारत के वास्तविक हालात पता नहीं हैं। सिख समुदाय ने हर क्षेत्र में शानदार उपलब्धियां हासिल की है। कुछ लोग इन उपलब्धियों को झुठला नहीं सकते। जगमीत के बयान से साफ है कि वो सिख भाईचारे पर सवालिया निशान लगा रहे हैं। उन्होंने पंजाब की धरती को अशांत करने की कोशिश की है, लेकिन उनके नापाक इरादे सफल नहीं होंगे। पंजाब के लोग शांति और सद्भाव के साथ रहना चाहते हैं। उन्होंने कनाडा सरकार से सिखों के खिलाफ बयान देने पर जगमीत के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी किया है।
दूसरी तरफ शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि कनाडा के नेताओं को भारत के अंदरूनी मामलों में दखल देने से परहेज करना चाहिए। पंजाब और उनकी पार्टी भारतीय लोकतंत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है। आम आदमी पार्टी के भगवंत मान ने भी जगमीत सिंह के बयान की तीखी आलोचना की है। बता दें कि कनाडा के नेता जगमीत सिंह ने कहा कि पंजाब में लोगों को स्वनिर्णय का मूल अधिकार नहीं है। पंजाब में भी स्वनिर्णय का बुनियादी हक होना चाहिए। उनके बयान के बाद पंजाब का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
