तुम्हारी याद की प्याली में चाय…

  मुझे याद है मैंने देखा था तुम्हें, पहली दफा नुक्कड़ की दुकान पर, चाय पी रहा था मैं और तुम आ रही थी सामने…

 

मुझे याद है मैंने
देखा था तुम्हें, पहली दफा
नुक्कड़ की दुकान पर,
चाय पी रहा था मैं
और तुम आ रही थी सामने से
सधे कदमों के साथ, सिर पर दुपट्टा ढके
मैं देखता रहा था तुम्हें, चाय की हर चुस्की के साथ,
तुम जब करीब आई थी तो हंसी भी थी
मुझे देखकर, कुछ पल के लिए
वो पल आज भी मेरे जेहन पर कुरेदा हुआ है
जिसे हर रात मैं, अकेले में
हल्का-हल्का खरोंचता हूं।

दिनों की लंबाई के साथ हमारे
मुलाकात का सिलसिला भी तो जमने लगा था,
अब मैं चाय पीता था
हर बार तुम्हें महसूसने के लिए,
तुम जानती हो अब चाय की जगह
तुम्हें देखना मेरी फितरत बन गई थी,
चाय और मेरे बीच तुम आ चुकी थी
प्याली से उठने वाली हर गर्मी में
मैं तुम्हारी सरगोशी की ठंडक देखता
हमारी अनकही मुलाकात का यह सिलसिला
चला था लंबा, पर टिका नहीं था।

तुम मीलों दूर हो गई और मैं भी चला आया शहर
रोटी नहीं चाय की प्याली कमाने
मैंने मेहनत बढ़ा दी,
और हर किस्म की चाय पीता
तुम्हें हर रंग में हर प्याली में
महसूस करने के लिए,
मेरे पास अब चाय की प्याली ही रही बस
तुम्हारी याद को वक्त, वेवक्त देखने के लिए,
हम दूर तो हैं, पर यकीन हैं मुझे
ये जुदाई जन्मों के लिए नहीं,
अब मैं रात को चाय की हर चुस्की के साथ
चला जाता हूँ सरहद पार तुम्हारे सिरहाने
करीब और भी करीब
तुम्हारे दुपट्टे से ढंके सिर को देखने।

तुम जानती हो, मैंने देखा है
सरहद पार भी
लोग अपने जैसे ही हैं
वहां भी तीन मौसम होते हैं,
लेकिन अबके मौसम बदला-बदला था
हवा के साथ बह रही थी
बारूद की गंध और गोलियों का शोर
शायद हमने सरहद के साथ
मुल्क और मुकद्दर
दोनों बांट लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *