न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को दिल्ली और NCR में पटाखों की बिक्री पर रोक के आदेश को बरकरार रखा है। कोर्ट ने पटाखा व्यापारियों को किसी भी तरह की राहत देने से साफ इंकार कर दिया है। दिल्ली के पटाखा व्यापारियों ने सुप्रीम कोर्ट से दिवाली के दिन पटाखा बेचने की अनुमति मांगी थी, जिसे खारिज कर दिया गया। सुप्रीम कोर्ट ने सख्त लहजे में कहा है कि दिल्ली-NCR में रात 11 बजे के बाद पटाखों की बिक्री नहीं होगी। आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने पिछले आदेश में 31 अक्टूबर तक के लिए पटाखों की बिक्री पर रोक लगा दिया था। जिसके बाद पटाखा व्यापारियों ने दिवाली के दिन कुछ वक्त के लिए पटाखों की बिक्री का आदेश देने का आग्रह किया था।
पंजाब-हरियाणा में कुछ घंटों की ढिलाई
सुप्रीम कोर्ट के आदेश से जहां दिल्ली-NCR के पटाखा व्यापारियों को मायूसी मिली है। वहीं पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने पटाखा छोड़ने से संबंधित एक अहम फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में शाम 6.30 बजे से रात 9.30 बजे तक पटाखे छोड़ जा सकेंगे। फैसले का मतलब यह हुआ कि आपको पटाखा छोड़ने के लिए सिर्फ तीन घंटे ही मिलेंगे। दूसरी तरफ पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में लॉटरी प्रक्रिया से पटाखों को बेचने का लाइसेंस दिया जाएगा। दरअसल, बढ़ते प्रदूषण को लेकर कोर्ट में याचिका दायर करके पटाखे बेचने और फोड़ने पर पाबंदी लगाने की मांग की गई थी, जिसके बाद कोर्ट का यह आदेश आया है।
