न्यूज़ डेस्क/लिविंग इंडिया : 11 अक्टूबर को गुरदासपुर में होने वाले उपचुनाव के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। गुरदासपुर जिले की सीमा को सील कर दिया गया है और बड़ी संख्या में पुलिस बल और पैरामिल्ट्री के जवान तैनात किये गए हैं।
15 लाख से ज्यादा वोटर्स डालेंगे वोट
गुरदासपुर उपचुनाव में कुल 9 विधानसभा हलकों के 15 लाख से ज्यादा वोटर्स वोटिंग करेंगे। खास बात यह है कि सभी पोलिंग बूथ पर वोट डालने के लिए वीवीपीएट (VVPAT) मशीन लगाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि उपचुनाव पर इलेक्शन कमीशन की कड़ी नज़र है। सख्त निर्देश हैं कि मतदाताओं को किसी तरह की दिक्कत नहीं हो। 
गुरदासपुर में कुल 1781 पोलिंग बूथ
गुरदासपुर में कुल 1781 पोलिंग बूथ हैं। जिनमें 457 सवेंदनशील और 83 अति सवेंदनशील पोलिंग बूथ हैं। वोटिंग के मद्देनज़र 52 पेट्रोलिंग पार्टियां, 43 नाके, 10 रिजर्वे बल, 6 QRT टीमें लगाई गई हैं, जो 24 घंटे ड्यूटी कर रही है। 7 DSP, 3 SP और कमांडों फाॅर्स के 4 DSP को भी नियुक्त किया गया है, जो 24 घंटे निगरानी रख रहे हैं। 
सुरक्षा के लिए 3561 जवानों को किया गया तैनात
सुरक्षा के लिए आर्म्ड फोर्स की 4 कंपनियां और पैरामिल्ट्री फोर्स की 12 कंपनियों के कुल 3561 जवान तैनात किए गए हैं। गुरदासपुर जिला के अधीन कुल 4 विधानसभा हलके हैं, जिसमें गुरदासपुर, दीनानगर, नरोल और कादियां और डेरा बाबा नानक पुलिस की बटाला पुलिस के साथ साझेदारी है। कोशिश है वोटिंग में किसी तरह की दिक्कत नहीं आए।
