न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इस बार सुप्रसिद्ध पार्श्वगायिका लता मंगेशकर ऑनलाइन ठगी की शिकार बनी हैं। इसको लेकर लता मंगेशकर ने रेवती खरे नाम की महिला के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। दरअसल, आरोपी महिला ने समाजसेवा के नाम पर कई लोगों से ठगी की और इसी दौरान लता मंगेशकर भी उसका शिकार बन गईं। लता मंगेशकर को इसका पता उस समय चला, जब उन्हें एक शख्स ने बधाई दी। जिसके बाद उन्हें ठगे जाने का अहसास हुआ।
बताया जाता है कि महिला ने लता मंगेशकर के नाम पर फर्जी लेटर हेड बनवाया और उसका इस्तेमाल करके कई लोगों से ठगी कर ली। लता मंगेशकर ने पुलिस को मामले की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है और ठगे गए दूसरे लोगों के साथ लता मंगेशकर का बयान भी लेने की तैयारी में है। आपको बता दें कि पहले भी बॉलीवुड से जुड़े लोग ऑनलाइन ठगी का शिकार बन चुके हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफल होती है।

