न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ से दर्शकों का दिल जीत चुके निर्देशक संजय लीला भंसाली एक बार फिर खास पेशकश लेकर आने वाले हैं। भंसाली की अगली फिल्म का नाम ‘पद्मावती’ है और इसमें दीपिकी पादुकोण, शाहिद कपूर और रणवीर कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। नवरात्रि के पहले दिन ‘पद्मावती’ का फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया। दीपिका पादुकोण ने फर्स्ट लुक को सोशल मीडिया पर शेयर करके कैप्शन दिया है ‘देवी स्थापना के शुभ अवसर पर मिलिए रानी पद्मावती से।’
फिल्म में दीपिका पादुकोण ‘चित्तौड़ की रानी पद्मावती’ की भूमिका निभा रही हैं। जबकि रणवीर सिंह अलाउद्दीन खिलजी और शाहिद कपूर राजा रतन सिंह का रोल निभा रहे हैं। फर्स्ट लुक में दीपिका पादुकोण काफी खूबसूरत दिखाई दे रही हैं। दीपिका के आउटफिट में मेवाड़ के संस्कृति की झलक साफ दिखाई देती है। ‘पद्मावती’ फिल्म के निर्माण में 180 करोड़ रूपये से ज्यादा खर्च किए जा चुके हैं। इस फिल्म को 1 दिसंबर को रिलीज किया जाएगा और भंसाली को उम्मीद है कि फिर से दर्शक उनकी फिल्म पसंद करेंगे।
