न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : बाबा राम रहीम बलात्कार के आरोप में जेल में बंद है तो दूसरी तरफ उसकी कथित बेटी हनीप्रीत की पुलिस तलाश कर रही है। कहा जा रहा है हनीप्रीत नेपाल में है तो कभी उसके मुंबई में होने की बात सामने आती है। दूसरी तरफ पुलिस हर दलील और हर अनुमान को खारिज करती रहती है। पुलिस का कहना है कि वह हनीप्रीत को पकड़ने के काफी करीब पहुंच चुकी है। हालांकि पुलिस ने यह भी साफ किया है कि जब तक हनीप्रीत को नहीं पकड़ा जाता, उसके ठिकाने का खुलासा नहीं हो सकता है। साफ है कि सिर्फ अनुमान पर हनीप्रीत का पता लगाया जा रहा है।
खैर, यह तो रहा हनीप्रीत के बारे चल रहे अनुमानों का जिक्र। अब राम रहीम-हनीप्रीत के रिश्ते पर भी एक गंभीर खुलासा हुआ है। दोनों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। डेरे के पूर्व साधु गुरदास तुर ने हनीप्रीत और राम रहीम के संबंधों को लेकर सवाल उठाने के साथ ही आरोप लगा दिया है। गुरदास तुर ने कहा है कि दोनों के बीच बाप-बेटी के रिश्ते नहीं थे। हनीप्रीत राम रहीम को अपना सबकुछ मानती थी। उन्होंने हनीप्रीत को गोद लेने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। गुरदास का कहना है कि आखिर क्या वजह रही थी कि हनीप्रीत को गोद लेने के लिए राम रहीम इतना बेचैन था।
गुरदास तुर ने हनीप्रीत को गोद लेने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाया है। लिविंग इंडिया न्यूज वेबसाइट से बातचीत के दौरान गुरदास तुर ने सवाल उठाया कि आखिर कैसे एक बाप रथ पर सवार होकर बेटी को गोद लेने के लिए जा सकता है? इस दौरान गुरदास ने पुराने मैगजीन और वीडियो का हवाला दिया। उन्होंने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि राम रहीम और हनीप्रीत के बीच अश्लील शेरो-शायरी होती थी। दुनिया के नजर में दोनों बाप-बेटी बने हुए थे, लेकिन परदे के पीछे दोनों का एक घिनौना सच छिपा रहा, जिसे दुनिया आज भी नहीं जानती है।
गुरदास तुर की मानें तो बाप-बेटी का रिश्ता बस दिखावे के लिए था। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर राम रहीम सही में हनीप्रीत को अपनी बेटी मानता था तो उसकी दूसरी शादी क्यों नहीं कराई। दूसरी तरफ गुरदास ने डॉ. नैन और विपासना के खुलासे को झूठा करार दिया। गुरदास ने कहा कि दोनों को डेरे, बाबा राम रहीम, हनीप्रीत से जुड़े सारे राज पता हैं, लेकिन दोनों जांच अधिकारियों को गुमराह कर रहे हैं। डॉ. नैन और विपासना राम रहीम और हनीप्रीत के काफी करीब थे। और दोनों को पता है कि आखिर हनीप्रीत अभी पुलिस पकड़ से बचने के लिए कहां छिपी है।
इसके अलावा गुरदास ने डेरा के दूसरे पदाधिकारियों और राम रहीम के परिवार पर भी गंभीर आरोप लगाए। डेरा के नए प्रवक्ता और राम रहीम के उत्तराधिकारी के चयन पर गुरदास ने कहा कि अभी बंदरबांट चल रहा है। राम रहीम जेल में बंद है और बाहर बंदरबांट चल रहा है। गुरदास तुर के खुलासे से साफ है कि बलात्कारी राम रहीम से जुड़े कई राज ऐसे हैं, जो अभी दुनिया के सामने नहीं आए हैं। जिस तरह के आरोप गुरदास ने बाबा राम रहीम और हनीप्रीत पर लगाए हैं, वो काफी गंभीर हैं। हालांकि पुलिस जांच में सारा सच सामने आ जाएगा कि आखिर राम रहीम का मायालोक कैसा था।

