न्यूज डेस्क/ लिविंग इंडिया : दुष्कर्म के आरोप में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा के प्रधान गुरमीत राम रहीम की कथित बेटी हनीप्रीत नेपाल भागने की फिराक में है। इसकी भनक लगते ही SSB और पुलिस के कान खड़े हो गए हैं। बिहार और उत्तरप्रदेश से लगने वाली भारत-नेपाल सीमा के चेकपोस्टों पर हनीप्रीत का पोस्टर चिपका दिया गया है। SSB की पूरी कोशिश है कि किसी सूरत में हनीप्रीत को नेपाल भागने से रोका जाए।
वहीं खुफिया विभाग के कर्मचारियों को भी विशेष चौकसी बरतने को कहा गया है। निर्देश दिया गया है कि 30 से 35 साल की महिलाओं पर विशेष नजर रखी जाए। वहीं खेतों और ग्रामीण इलाकों से सटे सीमा पर भी एकाएक निगरानी बढ़ा दी गई है। आपको बता दें कि श्रावस्ती, बहराइच, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, सिद्धार्थ नगर, महाराजगंज से नेपाल की सीमा सटी हुई है। जिसको लेकर पुलिस और SSB विशेष चौकसी बरत रही है।

