न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : भारतीय सुरक्षा बलों को गुरूवार को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकवादी अबू इस्माइल को नौगांव के अरीबाग इलाके में मार गिराया गया। अबू इस्माइल पिछले दिनों हुए अमरनाथ यात्रियों पर हमले का मास्टरमाइंड था। बताया जाता है कि सुरक्षा बलों को अबू इस्माइल के इलाके में होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद पूरे एरिया को घेर लिया गया। अरीबाग में बड़ी संख्या में तैनात सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन शुरू किया, इस दौरान हुई गोलीबारी में अबू के साथ एक और आतंकी छोटा कासिम को मार गिराया गया। दोनों आतंकवादी पाकिस्तान मूल के हैं और लंबे समय से जम्मू और कश्मीर में आतंकी वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

बता दें कि 11 जुलाई को अमरनाथ यात्रियों पर आतंकवादी हमला हुआ था, जिसमें छह महिलाओं समेत सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। इस हमले के बाद भारतीय सुरक्षा बलों ने अबू इस्माइल के खिलाफ ऑपरेशन शुरू कर दिया था। इसी का नतीजा हुआ कि इस कुख्यात आतंकवादी को मार गिराने में सफलता मिली। बताया जाता है कि एनकाउंटर के दौरान समूचे इलाके की इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी। वहीं बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों के जवान अरीबाग में तैनात किए गए थे। आतंकियों के खिलाफ पिछले साल शुरू हुई कार्रवाई में भारतीय सुरक्षा बलों को चौथी बड़ी सफलता मिली है। इसके पहले बुरहान वानी, सब्जार भट, अबू दुजाना का मार गिराने में सफलता मिली थी।
