राज बना नहीं रह जाए प्रद्युमन की हत्या!

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : गुरूग्राम के रेयान इंटरनेशनल स्कूल में प्रद्युम्न मर्डर मामले के बाद हरियाणा हाईकोर्ट में एक और याचिका दाखिल की गई है।…

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : गुरूग्राम के रेयान इंटरनेशनल स्कूल में प्रद्युम्न मर्डर मामले के बाद हरियाणा हाईकोर्ट में एक और याचिका दाखिल की गई है। इसमें बच्चों की सुरक्षा के लिए 16 प्वाइंट्स शामिल किए गए हैं। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले में नोटिस जारी किया है। दूसरी तरफ केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस पर गंभीरता जताई है। राजनाथ सिंह ने कहा है कि यह मसला काफी गंभीर है, लेकिन लॉ एंड ऑर्डर का मामला राज्य का होता है। इसके लिए केंद्र समय-समय पर एडवाइजरी जारी करता रहता है।

जांच में नहीं बरती जाएगी कोताही

दूसरी तरफ हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा है कि प्रद्युमन के हत्या की जांच हो रही है। इसकी जांच में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसपर कड़ी कार्रवाई होगी। दूसरी तरफ चंडीगढ़ में चाइल्ड प्रोटेक्शन कमीशन ने बैठक की तो शिक्षा विभाग ने स्कूलों के लिए एडवाइजरी भी जारी कर दिया है। दरअसल जिस तरह से प्रद्युमन की हत्या की गई, उससे निजी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए, सरकार भी कठघरे में खड़ी हो गई है।

मामले को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर

गुरूग्राम में प्रद्युमन की हत्या के बाद स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। याचिकाकर्त्ता ने पंजाब, हरियाणा और केंद्रशासित प्रदेश को पार्टी बनाया है। याचिका पर जल्द ही पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। याचिकाकर्त्ता ने अपनी याचिका में 16 ऐसे प्वाइंट्स भी शामिल किए हैं, जिनके आधार पर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को पुख्ता किया जा सकता है। कोशिश है कि बच्चों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, लेकिन पहले भी सुरक्षा देने का दावा किया गया, लेकिन हुआ कुछ नहीं।

टूल किट का हिस्सा नहीं चाकू !

पुलिस जांच में पता चला है कि चाकू से प्रद्युमन की हत्या की गई थी। सबसे हैरानी की बात यह है कि चाकू टूल किट का हिस्सा नहीं था। इसका खुलासा बस के ड्राइवर राघव ने किया है। वहीं स्कूल के तीन छात्रों समेत माली ने इसकी तस्दीक की है कि आरोपी बस कंडक्टर अशोक घटना के वक्त बाथरूम में था। पुलिस ने आरोपी को 18 सितंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जबकि मामले की जांच की जा रही है। लेकिन पुलिस पूरी तरह डिफेंसिव भूमिका में है तो स्कूल मैनेजमेंट खामोश।

बेकार ना हो जाए प्रद्युमन की मौत!

भले ही सरकार से लेकर पुलिस तक कड़ी कार्रवाई का मूड बना रही है, लेकिन साफ है कि स्कूल प्रशासन शांत बैठा हुआ है। इसका खुलासा मंगलवार को हुआ जब गुरूग्राम रेयान स्कूल के ही एक बस चालक और कंडक्टर को नशे की हालत में पकड़ा और जमकर धुना। दरअसल रेयान स्कूल प्रबंधन जांच में ढिलाई बरतता रहा है, जिसके कारण बच्चों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गया है। आरोप तो यह भी लगाए जा रहे हैं कि पहुंच के कारण स्कूल मैनेजमेंट इतना मजबूत है कि किसी मामले को दबा सकता है।

नहीं सुलझी देवांश के मौत की गुत्थी

एक साल पहले ही दिल्ली के रेयान इंटरनेशनल में देवांश का शव पानी की टंकी से मिला। आरोप लगाए गए कि छात्र की दुष्कर्म के बाद हत्या करके शव को पानी की टंकी में डाल दिया गया था। स्कूल मैनेजमेंट ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी, लेकिन आज तक हत्या का खुलासा नहीं हो सका है। लोगों को पता नहीं चल सका है कि आखिर देवांश का शव टंकी में कैसे पहुंचा। दूसरी तरफ परिजनों का आरोप है कि हो सकता है कि प्रद्युमन की मौत का सही कारण सामने नहीं आए, क्योंकि स्कूल मैनेजमेंट काफी पावरफुल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *