हथियार के बल पर दो युवक अगवा, एक की हत्या

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : फिरोजपुर के शेरखान गांव में गुंडागर्दी का नंगा नाच किया गया। करीब 15 हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग करते हुए दो नौजवानों…

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : फिरोजपुर के शेरखान गांव में गुंडागर्दी का नंगा नाच किया गया। करीब 15 हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग करते हुए दो नौजवानों को परिवार वालों के सामने अगवा कर लिया। युवकों के बदहवास घरवालों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन को ट्रैस करते हुए दोनों युवकों को मल्लांवाला रोड स्थित एक नहर के किनारे बरामद कर लिया। पुलिस ने दो अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस के वहां पहुंचने से पहले बदमाशों ने एक युवक विक्की को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

बताया जाता है कि रूपयों के लेनदेन के चलते शुक्रवार की रात विक्की के शेरखान गांव स्थित घर में तीन कारों पर करीब 15 हथियारबंद बदमाश आए। बदमाशों ने फायरिंग करते हुए विक्की और उसके एक रिश्तेदार अजय का अपहरण कर लिया। पुलिस को सूचना मिली तो मुस्तैदी दिखाते हुए बदमाशों का पीछा शुरू किया गया। कुछ समय बाद ही पुलिस ने बदमाशों को मल्लांवाला रोड स्थित एक नहर किनारे घेर लिया। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जबकि विक्की और अजय को बरामद कर लिया। अन्य बदमाश भागने में सफल रहे। हालांकि विक्की गंभीर रूप से घायल था, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई।

मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक साफ नहीं हो सका है कि इस वारदात को सिर्फ रूपयों के लेनदेन को लेकर अंजाम दिया गया है या कोई और बात है। हालांकि पुलिस कह रही है कि रूपयों के लेनदेन में इस घटना को अंजाम दिया गया है। दूसरी तरफ परिवार वालों का आरोप है कि पुलिस उनके बच्चे को नहीं बचा सकी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल देखा जा रहा है। लोग कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं। लेकिन जिस तरह से इस घटना को अंजाम दिया गया है, उससे साफ है कि पुलिस के लाख दावों के बावजूद पंजाब में अपराधी और बदमाश बेखौफ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *