न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : मंगलवार की सुबह आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर सुरक्षा बलों ने दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले के आधा दर्जन से अधिक गांवों में कॉर्डन एंड सर्च आपरेशन (कासो) चला रखा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शोपियां में सुरक्षाबलों को आतंकी मौजूदगी के इनपुट मिले थे। इसी के आधार पर हुस्नपोरा, नागबल और आसपास के कई गांवों में आतंकियों की तलाश के लिए कॉर्डन एंड सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है।
इस सर्च ऑपरेशन में सेना के राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस की एसओजी और सीआरपीएफ के जवान भी शामिल हैं। सेना किसी तरह का चांस नहीं लेना चाहती है इसलिए पूरी तरह से एहतियात बरत रही है। कोशिश है कि आतंकी किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा सकें। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी शोपियां के कई गांवों में सेना की राष्ट्रीय राइफल्स रेजीमेंट ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। वहीं सोमवार को काजीगुंड में हुए आतंकी हमले के बाद से ही दक्षिण कश्मीर में अलर्ट जारी किया गया है।
