न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : Cyber City गुरूग्राम के लोगों के लिए एक बुरी खबर है। अगर आप देर रात ATM से रूपये निकालने जाते हैं तो सावधान रहें, हो सकता है कि रूपये की जगह आपकी जान चली जाए। दरअसल यह Cyber City में हुई एक घटना से सामने आया है। जिसमें बुधवार की देर रात एक 53 वर्षीय शख्स की हत्या कर दी गई। वो ATM से रूपये निकालकर जैसे ही कार में लौटे पहले से घात लगाए दो बदमाशों ने रूपये की छीनाझपटी में उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए। मृतक की शिनाख्त रमेश विज के रूप की गई है।
बताया जाता है कि रमेश सेक्टर 5 में रहते थे। बुधवार की देर रात वो ऑफिस से लौटते समय न्यू कॉलोनी मोड़ इलाके के ICICI बैंक ATM से रूपये निकालने के लिए कार से उतरे। जब वो रूपये निकालकर वापस अपनी कार में बैठे तो दो बदमाश भी कार में घुस गए और रमेश विज को कार समेत अगवा कर लिया। इसके बाद दोनों रमेश से रूपये छीनने लगे। छीनाझपटी के दौरान कार लक्ष्मण विहार तक तेज रफ्तार तक चलती रही और अचानक बिजली के पोल से टकरा गई। पोल से टक्कर के बाद कार रूक गई।
- गुरूग्राम : अपहरण, लूट के बाद हत्या
- कंपनी के डायरेक्टर की चाकू गोदकर हत्या
- न्यू कालोनी इलाके के ICICI बैंक के ATM के पास से अगवा
- ATM से रूपये निकालकर लौट रहा था मृतक
- ATM के बाहर से दो बदमाशों ने गाड़ी समेत किया अगवा
- CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने शुरू की छानबीन
कार रूकने के बाद दोनों बदमाशों ने रमेश पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमले करके उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वो रूपये लूटकर फरार हो गए। इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि ATM की CCTV फुटेज के साथ-साथ आसपास के इलाके में लगे CCTV की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक मानेसर की किसी कंपनी में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके पुलिस ने गहनता से जांच शुरू कर दी है।
हालांकि पुलिस इन बातों की तफ्तीश भी कर रही है कि बदमाशों ने रमेश विज का कहां अपहरण किया। आखिर बदमाश कैसे लक्ष्मण विहार इलाके तक पहुंचे। पुलिस का मानना है कि इन पहलुओं का पता लगने के बाद खुद ब खुद घटना पर पड़े सारे राज सामने आ जाएंगे। दूसरी तरफ इस सनसनीखेज वारदात से Cyber City गुरूग्राम में रहने वाले लोगों के होश उड़ गए हैं। लगातार हो रही आपराधिक वारदातों से लोगों के दिलों में डर बैठ गया है। वहीं पुलिस की निष्क्रिय कार्यशैली के कारण भी उनमें आक्रोश गहराता जा रहा है।

