ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचन्द शर्मा ने कहा कि, परिवहन विभाग सीधे तौर पर जनसाधारण से जुड़ा हुआ है। विभाग पर प्रतिदिन प्रदेश के लाखों यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की अहम जिम्मेदारी है। इसलिए विभाग में बसों या कर्मचारियों की कमी के कारण प्रदेशवासियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। मूलचन्द शर्मा आज यहां परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

बैठक में कही ये खास बातें
बैठक के दौरान बताया गया कि, किलोमीटर स्कीम के तहत चलाई जाने वाली 190 बसों में से 80 बसें चालू हो चुकी हैं और शेष बसें जल्द ही सडक़ों पर आ जाएंगी। इसके अलावा, 168 बसें मार्च, 2020 तक आ जाएंगी जिनमें 150 मिनी बसें और 18 सुपर लग्जरी (वोल्वो) बसें शामिल हैं। इसके अलावा, 867 स्टैण्डर्ड डीजल ईंजन बसों की खरीद हेतु भी फाइल प्रशासकीय स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री को भेजी गई है।
मंत्री ने रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को विभाग के वाणिज्यिक और रेगुलेटरी विंग में रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग के रेगुलेटरी विंग में कांस्टेबल और हैड कांस्टेबल के पदों को प्रतिनियुक्ति आधार पर भरने के लिए पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा जाए ताकि ओवरलोडिड वाहनों की समुचित जांच के लिए अमला उपलब्ध हो सके।

