ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: शहरी क्षेत्र में नशीली दवाइयों का कारोबार बढ़ता ही जा रहा है। जिसका असर युवा वर्ग, छात्रों पर पड़ रहा है। सफीदों रोड पर एक मेडिकल स्टोर पर खुलेआम बेची जा रही प्रतिबंधित दवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने व शिकायत मिलने पर सिविल सर्जन डॉ. जयभगवान जाटान ने इसकी जांच ड्रग कंट्रोलर को सौंप दी और जल्द से जल्द इसकी रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।
100 रुपये एमआरपी की जगह पर ले रहे 250 रुपये
शिकायतकर्ता ने बताया कि, मेडिकल स्टोर से जो विन कोरेक्स दवा खरीद उसमें कोडीन साल्ट है। कोडीन साल्ट नशे में प्रयोग किया जाता है, इसलिए सरकार ने इसे प्रतिबंधित किया हुआ है। बावजूद इसके मेडिकल स्टोर पर इसको बेचा जा रहा है। जो बोतल मेडिकल स्टोर से खरीदी उस पर निर्धारित मूल्य 100 रुपये लिखा हुआ है, लेकिन मेडिकल स्टोर संचालक प्रतिबंधित होने का फायदा उठाकर इसे 250 रुपये में बेच रहे हैं। जहां यह दवाई बिना डॉक्टर के सिफारिश के बेचना कानूनी अपराध है, वहीं निर्धारित मूल्य से ज्यादा पैसे लिए जा रहे हैं। इसलिए वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
शहर में नशीली दवाइयों का धंधा काफी समय से धड़ल्ले से चल रहा है। मेडिकल स्टोर पर नशे के इंजेक्शन, नशे में प्रयोग होने वाली दवाइयों के बेचने के चार वीडियो पहले भी वायरल हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग वीडियो वायरल होने के बाद ही हरकत में आता है। उसके बाद फिर से यह गोरखधंधा शुरू हो जाता है। क्षेत्र के एक युवक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि नशेड़ी अपनी लत पूरी करने के लिए सेक्टर नौ में स्थित एकलव्य स्टेडियम, बंद पड़े भवन, शौचालय मुख्य मार्केट की छतों में नशीला दवाइयों का प्रयोग करते हैं।


