ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज : फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच रहे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर मरीजों को दवा लेने के लिए कई घंटों तक लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। आखिर नागरिक अस्पताल में मरीज इस तरह क्यों परेशान हो रहे हैं,फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में फार्मासिस्ट की कमी हो रखी है। जिसके कारण यहां पर इलाज करवाने के लिए आ रहे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां दवाई लेने के लिए लोगों को कई घंटों तक लाइनों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। क्योंकि फतेहाबाद के अस्पताल में मरीजों को दवाई देने के लिए सिर्फ दो ही फार्मासिस्ट हैं,जिनमें से एक फार्मासिस्ट जहां मरीजों को दवाई देता है तो वहीं दूसरा दवाइयों का डेटा अपलोड करता है।
हालांकि नागरिक अस्पताल में फार्मासिस्ट के 9 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इस वक्त सिर्फ चार ही पद भरे हुए हैं, जिनमें से दो फार्मासिस्ट तो काम कर रहे हैं, एक की ड्यूटी कोर्ट में लगी हुई है और चौथा छुट्टियों पर है। एसएमओ ओपी दहमीवाल का कहना है कि, फार्मासिस्ट की कमी को लेकर सीएमओ को अवगत करवाया गया है, अधिकारियों के आदेश मिलने पर नए फार्मासिस्ट भर्ती किये जाएंगे। नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए आ रहे मरीजों को उपचार की बजाए अब दर्द लेकर जाना पड़ रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जो सरकार बड़े बड़े दावे करती है वो सभी हवा हवाई होते जा रहे हैं। अब देखना ये होगा कि आखिर इलाज के लिए अस्पताल में पहुंच रहे मरीजों को कब सुविधाएं मिल पाती हैं।

