ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर बीजेपी ने आज अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। जिसे बीजेपी अपना संकल्प पत्र भी कह रही है। घोषणापत्र जारी करने के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और बीजेपी नेता मनोज तिवारी मौजूद रहे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि, कुछ चंद चीज़ें फोकट में बांट कर दिल्ली का भविष्य नहीं बन सकता है। दिल्ली की तकदीर को हम बदलने वाले हैं, दिल्ली में केजरीवाल ने वायु और जल प्रदूषण पर 5 सालों में कुछ नहीं किया है। लेकिन हमारी केंद्र सरकार दोनों दिशा में काम कर रही है।
जानिए BJP के घोषणापत्र में क्या है खास
हर घर नल से शुद्ध जल देने की योजना, दिल्ली में 200 नए स्कूल खोलना, दिल्ली में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार ,
दिल्ली में 10 नए बड़े कॉलेज खोलना , दिल्ली में आयुष्मान, पीएम आवास, किसान सम्मान निधि योजना लागू करना
नई अधिकृत कॉलोनी के लिए डेवलेपमेंट बोर्ड, सीलिंग ना होने के लिए नियम और कानून में बदलाव
व्यापारियों में एक साल में लीज़ होल्ड से फ्री होल्ड का काम पूरा, किराएदारों के हितों की रक्षा करना
दिल्ली को टैंकर माफिया से मुक्त कराएंगे, जिनको गेंहू मिलती है उन्हें 2 रुपये किलो पिसा हुआ आटा
निर्मल गंगा के तहत 7000 करोड़ का प्रोजेक्ट
वहीं अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि, बीजेपी सरकार का फोकस ये है कि,केंद्र सरकार ने जो निर्मल गंगा के तहत 7000 करोड़ का प्रोजेक्ट चलाया है, उससे दिल्ली में 2070 तक साफ पानी की सुविधा दी जाएगी।
बीजेपी को लग चुका है चुनाव आयोग से झटका
बीजेपी के उम्मीदवार कपिल मिश्रा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद प्रवेश वर्मा ने विवादित बयानबाजी की थी जिसको लेकर इन नेताओं पर चुनाव आयोग की गाज गिर चुकी है। वहीं बीजेपी दिल्ली में चुनावी कैंपेन में शाहीन बाग के प्रदर्शन को मुद्दा बना रही है। इससे पहले भड़काऊ बयान दिए जाने पर चुनाव आयोग ने बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा पर 96 घंटे का और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर 72 घंटे का बैन लगाया था।


