ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: विधायकों की ओर से जिलों में पुलिस अधिकारियों की ओर से सुनवाई न करने के मामले को गृह मंत्री अनिल विज ने गंभीरता से लिया है। अनिल विज ने होम सेक्रेटरी विजय वर्धन को पत्र लिखा है कि सभी एसपी को निर्देश जारी किए जाएं कि वे विधायकों को पूरा मान सम्मान दें। प्रोटोकॉल में विधायक मुख्य सचिव से भी ऊपर होते हैं। उनकी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। बुधवार को टोहाना से जजपा विधायक देवेंद्र बबली गृह मंत्री से मिले और एसपी व अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा सुनवाई न करने की बात रखी। इस पर विज ने उसी वक्त फतेहाबाद एसपी से फोन पर बातचीत की। साथ ही कहा कि वे विधायक की बातों को सुने और पूरा मान सम्मान दें।
अनिल विज ने दी प्रतिक्रिया
तो वहीं महम से विधायक बलराज कुंडू की तरफसे अनिल विज को सौंपे गए दस्तावेज पर विज ने पहली प्रतिक्रिया दी है…अनिल विज ने कहा कि, जो भी विधायक किसी भी तरह का भ्रष्टाचार का मामला सामने लेकर आयेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई जरुर होगी। वहीं विज ने, एसवाईएल के मुद्दे पर अभय चौटाला के सभी दलों को एक होने की बात पर पलटवार किया है। विज ने कहा कि, अभय चौटाला तो खुद उल्टी कस्सी से नहर खोदने में लगे थे। विज का कहना है कि, हरियाणा अपने हिस्से में पानी लेकर रहेगा।
पूर्व सहकारिता राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर पर घोटाले के आरोप
बतादें कि, इससे पहले महम के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने राज्य के गृहमंत्री अनिल विज से मुलाकात कर हरियाणा के पूर्व सहकारिता राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर के खिलाफ कई घोटालों के दस्तावेज सौंपे थे। ये दस्तावेज सौंपने के बाद उन्होंने कहा कि वे अपने खिलाफ दर्ज हुई FIR से डरने वाले नहीं हैं । यह धर्म युद्ध है और उनको पूरा भरोसा है कि आखिर में जीत सत्य की ही होगी। गृह मंत्री विज से मुलाकात करके विधायक कुंडू ने उनको यूएलबी घोटाले के अलावा शुगर मिलों के शीरे में हुई धांधली, कैथल मिल के चिप घोटाले तथा पानीपत डिस्टलरी जैसे कई अन्य घोटालों की जांच कराने को कहा।



