ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडियै न्यूज: हरियाणा के ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि, दीनबंधु सर छोटूराम समाज के सच्चे पथ प्रदर्शक थे। उनसे प्रेरणा लेकर हम सभी को देश व प्रदेश की तरक्की में अपना योगदान देना चाहिए। दरअसल, रणजीत सिंह हांसी की जाट धर्मशाला में बसंत पंचमी तथा सर छोटूराम जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी तक अनेक ऐसे निर्णय लिए हैं, जिनके चलते पूरी दुनिया में भारत की पहचान बनी है। जम्मू कश्मीर में धारा 370 व 35ए को हटाकर उन्होंने देश को अखंड राष्ट्र बनाया है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि, सर्व समाज के युवाओं को दीनबंधु सर छोटूराम जैसे महापुरूषों से प्रेरणा लेनी चाहिए। आज का युग शिक्षा का युग है। इसलिए बच्चों को अन्य चीजों की अपेक्षा शिक्षा ग्रहण करने पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए, ताकि उन्हें रोजगार के अवसर हासिल हो सकें। इस अवसर पर उन्होंने जाट धर्मशाला के लिए 5 लाख रुपये की राशि देने की भी घोषणा भी की।
अपने संबोधन में हांसी के विधायक विनोद भ्याणा ने उपस्थित जनसमूह को बसंत पंचमी और सर छोटूराम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, चुनाव के दौरान उन्हें समाज से व्यापक समर्थन मिला था इसके लिए वे उनका धन्यवाद करते हैं। उन्होंने मांग रखी कि उमरा व सुल्तानपुर के ज्यादातर लोग गांव की अपेक्षा ढ़ाणियों में रहते हैं, उनके बिजली के कनैक्शन गांव से जोड़ दिए जाएं ताकि ढा़णियों में रहने वाले लोगों को आवश्यकतानुसार बिजली उपलब्ध हो सके। हांसी से केशव धमीजा की रिपोर्ट


