ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: 71वां गणतंत्र दिवस पंचकूला में बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया। गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने ध्वजारोहण किया व परेड की सलामी ली। गृहमंत्री अनिल विज ने सेक्टर 12 स्थित शहीद स्मारक में शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए गणतंत्र दिवस की देश व प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं व बधाई दी।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस का पंजाब पुलिस के समान वेतन किए जाने पर पूछे सवाल पर गृह मंत्री ने कहा कि प्रोसेस चल रहा है। वहीं प्रदेश में पुलिस की कमी उन्होंने कहा कि पुलिस बल की लगातार भर्ती होती रहती है और अब हम 6000 और भर्तियां करने जा रहे हैं।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में गृह मंत्री अनिल विज ने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले सैनिकों व उनके परिजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि, हर वर्ष की भांति आज हम देश के 71 वें गणतंत्र दिवस के गौरवमयी एवं सुखद क्षणों का एहसास करने के लिए एकत्र हुए हैं। एक लंबे संघर्ष से मिली आजादी के उपरान्त 1950 में आज ही के दिन भारत ने अपना संविधान अंगीकार किया था।
उन्होंने कहा कि, संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में हमने एक कांतिमय राष्ट्र निर्माण का सपना देखा था। इसे पूरा करने के लिए महात्मा गांधी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, लौहपुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल तथा पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी सहित अनेक राष्ट्रभक्तों ने अहम भूमिका निभाई है। देश के नव-निर्माण में इनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।


