ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा सरकार में मंत्री अब एक्शन मोड में आ गए हैं। अब किसी भी अफसर या कर्मचारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा रही है। इसी कड़ी में तिगांव विधानसभा के मंडल अध्यक्ष के चुनाव को लेकर बैठक करने पहुंचे सहकारिता मंत्री बनवारी लाल ने कहा कि, पलवल की चीनी मिल में बॉयलर लगाने वाली कंपनी और अधिकारियों की प्राथमिक जांच में लापरवाही सामने आई है और सरकार जल्द जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
बता दे, करीब एक महीने पहले सहकारिता मंत्री बनवारी लाल ने पलवल चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ किया था लेकिन उसी दिन से लगातार 20 दिन तक चीनी मिल बंद रही। उसके पीछे नए बॉयलर का काम ना करना वजह बताई गई। इस मामले में जब जांच बिठाई गई तो सामने आया कि जिस कंपनी द्वारा करोड़ों रुपए के बॉयलर लगाए गए थे। उस कंपनी ने उन्हें चालू करने से हाथ खड़े कर दिए। जिसकी वजह से किसान कई दिनों तक धरने प्रदर्शन पर भी बैठे रहे।
बनवारी लाल ने कहा कि, अलग-अलग विधायकों और मंत्रियों की विधानसभा में मंडल अध्यक्षों के चुनावों को लेकर पार्टी ने जिम्मेदारी लगाई है। जिसके तहत उन्होंने तिगांव विधानसभा के मंडल अध्यक्षों की राय जानी है। अपनी राय वे पार्टी में रखेंगे, उसके बाद आगे जिला अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव होंगे। मुख्यमंत्री और अनिल विज के बीच सीआईडी विभाग को लेकर उन्होंने कहा कि अब मामला खत्म हो चुका है। विपक्ष का काम आरोप लगाना है इसलिए विपक्ष आरोप लगाता रहता है।


