ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:साइबर सिटी में फास्टैग लाइन को लेकर टोल प्रबंधन के हाथ पैर फूलते नजर आ रहे हैं…सोमवार और मंगलवार को ट्रायल के दौरान ही यहां जयपुर एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे खुलवाने के लिए टोलकर्मियों के पसीने छूट गए थे। इसी जाम के डर के कारण खेड़की दौला टोल प्लाजा की अभी तक सभी लेन कैशलेस नहीं हो सकी हैं। जाम के डर के कारण अभी भी यहां पर ज्यादातर लेन में टोल कैश लेकर ही काटा जा रहा है।
इस टोल प्लाजा पर 80 हजार के आसपास गाड़ियों का आवागमन होता है, 70 प्रतिशत से ज्यादा लोगों ने फास्टैग की सर्विस ली है, लेकिन फास्टैग मेंटनेंस नहीं होने के कारण जाम की समस्या बनी रहती है। यहां पर कुल 25 लेन हैं जिनमें से 2 इमरजेंसी के लिए छोड़कर 4 लाइनों को कैश के लिए रखा गया है। लेकिन अभी तक कैशलेन के कम नहीं किया जा सका है।
वहीं घरौंडा टोल प्लाजा पर भी फास्टैग के कारण मुसीबत बनी हुई है।यहां पर सिंगल कैश लेन होने के कारण वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। फास्टैग मेंटनेंस नहीं होने के कारण टोल पर कई घंटों तक लंबा जाम लगा रहा। यहां से गुजरने वाले ज्यादातर वाहन चालक टोल प्रबंधन की कारगुजारी से परेशान नजर आए। टोल पर एक ही कैशलेन होने के कारण ये पूरी परेशानी बनी हुई है। केंद्र सरकार के निर्देशों के बावजूद अभी तक सिर्फ 50 प्रतिशत ही लोगों ने अपने वाहनों पर फास्टैग लगवाया है।
जानिए क्या है फास्टैग
बतादें कि 1 दिसंबर 2019 से देशभर के नैशनल हाइवे के टोल प्लाजा की सभी लेन इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस हो चुकी हैं। यहां टोल टैक्स इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से चाहती है। ताकि लोगों को टोल प्लाजा पर बेवजह समय न गंवाना पड़े। यह रेडियो फ्रिक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन टैग गाड़ी की विंडस्क्रीन पर लगता है जो बैंक अकाउंट या नैशनल हाइवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया के पेमेंट वॉलिट से जुड़ा होता है। इससे गाड़ी मालिकों को टोल प्लाजा से गुजरते रुकने की जरूरत नहीं होती है और रकम अकाउंट से अपने आप कट जाता है। फास्टैग रूल्स, 2008 के मुताबिक फास्टैग लेन फास्टैग यूजर्स की आवाजाही के लिए खासतौर पर रिजर्व होता है।


