ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल आगामी 25 दिसम्बर, 2019 को राज्यव्यापी सुशासन दिवस समारोह के अवसर पर विभिन्न ई-गवर्नेंस योजनाओं, जिनमें सरल पोर्टल पर अतिरिक्त सेवाएं, 22 जिलों की वेबसाइट का पुर्नोत्थान करना, वेबहैलरिस, लोकायुक्त पोर्टल, गुड गवर्नेंस कार्ड, करतारपुर कोरिडोर हेतु श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन पेमेंट सुविधा, रोजगार पोर्टल और जिला करनाल के सिरसी गांव के लाल डोरा के अंदर का डिजिटल मैप इत्यादि की शुरूआत करेंगे।
इसके अलावा, करनाल, पलवल, फरीदाबाद, पंचकूला, यमुनानगर, गुरुग्राम और रेवाड़ी में सुशासन दिवस के अवसर पर आधुनिक रिकार्ड रूम का उदघाटन भी किया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री मनोहर लाल गुरुग्राम में आयोजित किये जाने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में नागरिक केन्द्रित सेवाओं की शुरूआत करेंगे। इस कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री प्रदेश के सभी कर्मचारियों को सम्बोंधित करेंगे। मुख्यमंत्री इस दिन सभी जिलों के कर्मचारियों से सीधा संवाद करेंगे। इस राज्य स्तरीय सुशासन दिवस कार्यक्रम का दो तरफा लाइव वेबकास्ट प्रणाली के माध्यम से सीधा प्रसारण सभी जिला मुख्यालयों, उप-मण्डल, तहसील और ब्लॉक स्तर पर किया जाएगा।

