ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: जींद में एक बेहद की चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पर मदनपुर गांव की एक महिला ने अपने ही पति पर सेल्फी के बहाने नहर में धकेलने का आरोप लगाया है। पीड़िता को करीब 150 मीटर दूर जाकर किसी ने निकाला। जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस को अपने पति के खिलाफ शिकायत दी है।
पीड़िता मदनपुर गांव में बयाही गई है और दिल्ली की रहने वाली है। पीड़िता पूनम का आरोप है कि उसकी शादी पिछले साल ही जींद के अमित के साथ हुई थी। आज वो दोनों बनभौरी माता के मंदिर में माथा टेकने के लिए गए थे, लेकिन आते वक्त पति ने नहर के पास फोटो खिंचवाने के लिए बाइक रोक ली।
पीड़िता का आरोप है कि पति ने उसको भी नहर के किनारे सेल्फी लेने के लिए कहा, जिसके बाद वो जैसे ही अपने पति के साथ सेल्फी के लिए नहर के किनारे गई तो पति ने उसे नहर में धक्का दे दिया। पीड़िता का कहना है कि धक्का देने के बाद आरोपी पति अमित वहां से फरार हो गया। करीब 150 मीटर की दूरी पर जाकर किसी राहगीर ने महिला को डूबते हुए देखा और नहर से निकाला।


