ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: दिल्ली हाईकोर्ट ने पूर्व सीएम ओपी चौटाला की रिहाई को लेकर दिल्ली सरकार को दोबारा फैसला सुनाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में ओपी चौटाला के वकील का कहना है कि हाईकोर्ट ने जो फैसला सुरक्षित रखा था, वो सुना दिया है। हाईकोर्ट ने दिल्ली सरकार के अप्रैल के फैसले को कैंसिल कर दिया है और इस पर दोबारा से फैसला सुनाने को कहा है।
बता दें कि जेबीटी घोटाला मामले में पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला 10 साल की जेल की सजा काट रहे हैं। इससे पहले अप्रैल 2019 को हाईकोर्ट में दिल्ली सरकार की तरफ से तर्क दिया गया था कि भ्रष्टाचार और साजिश रचने में उन्हें 10 साल की सजा सुनाई हुई है। भारत सरकार के सजा माफ करने वाला नियम उन पर लागू नहीं होता, इसलिए चौटाला की सजा कम नहीं की जा सकती। अब दिल्ली हाईकोर्ट ने सरकार के इस तर्क को खारिज कर दिया है।
वकील ने बताया कि ओपी चौटाला की रिहाई 2 अक्टूबर को होनी थी, दिल्ली सरकार ने इस पर कहा कि 2 अक्टूबर जा चुका है, इसलिए याचिका खारिज हो गई है। लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट ने इस तर्क को नहीं माना, हाईकोर्ट का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति की याचिका पैंडिंग पड़ी है, तो वो खारिज नहीं होती। अब हाईकोर्ट ने सरकार को ओपी चौटाला की रिहाई पर दोबारा से फैसला सुनाने की बात कही है।


