ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा में एक हजार से ज्यादा हाई स्कूल बिना मुख्याध्यापक के राम भरोसे ही चल रहे हैं। लंबे वक्त से इन स्कूलों में मुख्याध्यापकों के पद खाली पड़े हुए हैं। वहीं अन्य मुख्याध्यापकों या सबसे वरिष्ठ शिक्षक को अतिरिक्त कार्यभार देकर हरियाणा में हाई स्कूलों का काम चल रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में लगभग 1800 हाईस्कूल हैं। जिनमें से सिर्फ पांच सौ में ही मुख्याध्यापक कार्यरत हैं। बाकि स्कूलों में मुख्याध्यापक के सेवानिवृत्त होने के बाद अभीतक पद को भरा नहीं गया है।
बताया जा रहा है कि पद भरने में दिक्कत मौलिक स्कूल मुख्याध्यापकों को बीते पांच साल से पदोन्नत न करने पर आ रही है। अगर मौलिक मुख्याध्यापकों की पदोन्नति वक्त-वक्त पर होती रहती तो इतने स्कूलों में मुख्याध्यापक के पद खाली नहीं होते। वहींं जानकरी देते हुए एलिमेंट्री स्कूल हेडमास्टर एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष दलबीर मलिक ने बताया कि 2014 के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने हाईस्कूल हेडमास्टर के पद पर कोई पदोन्नति नहीं की है।जिसके कारण हाईस्कूल बिना हेडमास्टरों के चल रहे हैं। अब आप सोच सकते हैं कि जिन स्कूलों में मुखिया ही नहीं होगा उसकी व्यवस्था कैसी होगी।

