ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिय़ा न्यूज: आए दिनों ऐसे मामले सामने आते रहते हैं, जो यह सोचने को मजबूर कर देते हैं कि धीरे-धीरे मानवता खत्म होती जा रही है। हरियाणा में झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसे जानकर आपकी रूह कांप उठेगी। यहां विवाद के बाद महिला के पति ने गला घोटकर उसकी हत्या कर दी। परिवार के सदस्यों और बच्चों को इसका पता न चले इसलिए आरोपी ने शव को बेड में ही छिपा दिया था। रविवार को जब बेड से बदबू आने लगी तो इस मामले से पर्दा उठा। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भिजवाया।
मिली जानकारी के अनुसार, सोनीपत जिले के गांव चौहान जोशी की रहने वाली ललिता की शादी जसोरखेड़ी निवासी राजवीर के साथ हुई थी। राजवीर के साथ उसका कई साल से विवाद चल रहा था और वह गुरुग्राम में रह रही थी। उसके पति और दो बच्चे गांव जसोरखेड़ी में ही रहते हैं। 22 नवम्बर को ललिता के बेटे का जन्मदिन था। बेटे के जन्मदिन की खुशियां मनाने के लिए वह जसोरखेड़ी आई थीं, इसी दिन रात के समय पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि राजवीर ने उन्हीं की चुन्नी से उनका गला घोंट दिया और शव को बेड में छुपा दिया था।
